फिरोजाबाद। शहर के सबसे व्यस्त और जाम प्रभावित कोटला रोड स्थित बंबा चौराहा अब जल्द ही लोगों के लिए राहत का केंद्र बनेगा। नगर विधायक मनीष असीजा की पहल पर 2 करोड़ 65 लाख से कायाकल्प कराया जाएगा। इसका सीधा लाभ यहां के निवासियों, वाहन चालकों और किसानों को मिलेगा। रविवार को भूमि पूजन कर कार्य का शुभारंभ करने के बाद विधायक मनीष असीजा ने घोषणा की कि यह परियोजना यातायात की सुगमता और नागरिक सुरक्षा पर केंद्रित है।
मनीष असीजा ने कहा कि शहर के यातायात और सुरक्षा के लिए एक बड़ा सुधार है। बंबा चौराहा कोटला रोड और बाईपास के भारी ट्रैफिक और मंडी जाने वाले वाहनों के कारण हमेशा जाम रहता था। चौड़ीकरण से वाहनों के आवागमन को पर्याप्त जगह मिलेगी और घंटों लगने वाले जाम से स्थायी राहत मिलेगी। चौराहों पर अक्सर होने वाले संकरेपन और खुले नालों के कारण दुर्घटनाओं की संभावना अधिक रहती थी। चौराहे के ऊपर से गुजरने वाली 33 हजार और 11 हजार केवीए की खतरनाक बिजली लाइनों को अंडरग्राउंड किया जाएगा। यह कदम न केवल प्रदूषण खत्म करेगा, बल्कि तेज हवा या दुर्घटना की स्थिति में बिजली के खतरे को भी खत्म कर देगा। चौराहे के आस-पास खुले पड़े नालों को पूरी तरह कवर किया जाएगा। इससे न केवल गंदगी और बदबू की समस्या खत्म होगी, बल्कि पैदल चलने वालों और खासकर बच्चों के नालों में गिरने का खतरा भी समाप्त हो जाएगा। कच्चे पड़े क्षेत्र को पक्का करने से कीचड़ और धूल की समस्या खत्म होगी। भाजपा महानगर अध्यक्ष डाॅ. सतीश दिवाकर ने कहा यह चौराहा शहर के व्यस्ततम चौराहों में से आता है। इस दौरान पूर्व महानगर अध्यक्ष राकेश शंखवार, मंडल अध्यक्ष लायक सिंह शंखवार, प्राचीर सेठ, देशदीपक गुप्ता,गौतम कुशवाह आदि मौजूद रहे।