फिरोजाबाद। यूपी बोर्ड हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा में जनपद टॉप-10 में 20 मेधावियों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सम्मानित किया। सम्मान समारोह डॉ. राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय लखनऊ में आयोजित किया गया। समारोह में मेधावियों को सीएम योगी आदित्यनाथ के अलावा उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, राज्य मंत्री माध्यमिक शिक्षा गुलाब देवी, अल्पसंख्यक एवं वक्फ राज्य मंत्री मोहसिन रजा, माध्यमिक शिक्षा सचिव आराधना शुक्ला द्वारा सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी को कहा कि महान सपने देखने वाले एक दिन अवश्य सफल होते हैं। मेधावियों को मुख्यमंत्री ने 21 हजार रुपये का चेक, एक टेबलेट, प्रमाण पत्र, मेडल पहनाकर सम्मानित किया। संयुक्त शिक्षा निदेशक आगरा डॉ. मुकेश अग्रवाल एवं जिला विद्यालय निरीक्षक रितू गोयल ने सभी विद्यार्थियों की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम संयोजक वरिष्ठ सहायक प्रेमपाल सिंह, अश्वनी जैन, डॉ. केके यादव, रंजना सहाय, सुनील कुमार शामिल रहे।