फिरोजाबाद। मेयर के कैंप कार्यालय पर कार्यरत एक कर्मचारी को कोरोना की पुष्टि होने के बाद नगर निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ पार्षदों में हड़कंप मचा हुआ है। मंगलवार को नगर निगम के पांच पार्षदों ने जिला अस्पताल में कोरोना टेस्ट कराया। इसके साथ ही उनको होम क्वारंटीन कर दिया गया है।
मेयर नूतन राठौर के कैंप कार्यालय पर कार्य करने वाले एक कर्मचारी को कोरोना की पुष्टि होने के बाद मेयर व उनके परिचितों के साथ परिवारों को स्वास्थ्य विभाग द्वारा चेकअप करने के साथ ही सभी को होम क्वारंटीन कर दिया गया था। इस बीच संपर्क में आए पार्षद देश दीपक यादव, विजय शर्मा, मोहित अग्रवाल, सत्येंद्र सविता और निहाल सिंह मंगलवार को मेडिकल कॉलेज पहुंचे। यहां उन्होंने कोरोना टेस्ट कराया। जिनके सैंपल जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा भेजे गए हैं। जांच के लिए सैंपल लिए जाने के साथ ही सभी पांच पार्षद मंगलवार को होम क्वारंटीन हो गए।