फिरोजाबाद। बेसिक शिक्षा विभाग में गतिमान 69 हजार शिक्षक भर्ती में शेष 37 हजार पदों पर नियुक्त देने की मांग को लेकर बेरोजगार बीएड, बीटीसी अभ्यर्थियों ने गांधी पार्क में धरना प्रदर्शन किया। अभ्यर्थियों ने कहा कि जब 32 हजार को नियुक्ति पत्र बांट दिए हैं तो हमें क्यों नहीं दिए जा रहे।
अभ्यर्थियों ने कहा कि 69 हजार शिक्षक भर्ती के लिए एक साथ आवेदन किए थे। एक साथ परीक्षा दी थी। परीक्षा का परिणाम व चयन सूची जून 2020 में जारी की। 14 व 15 अक्तूबर को काउंसलिंग कराके 16 अक्तूबर को नियुक्ति पत्र वितरित कर दिए। भर्ती से वंचित 37 हजार अभ्यर्थियों में काफी रोष है। अभ्यर्थियों ने कहा कि शेष 37 हजार पदों की भर्ती प्रक्रिया पूरी की जाए, जिससे बीटीसी, बीएड बेरोजगारों को रोजगार मिल सके। भर्ती प्रक्रिया को शीघ्र आगे न बढ़ाया गया तो शीघ्र बीटीसी एवं बीएड बेरोजगार प्रदेश स्तरीय भूख हड़ताल करेंगे। धरना प्रदर्शन में कुलदीप सिंह, शिल्पी जैन, स्वीटी अग्रवाल, लवली सिंह, प्रियंका, कीर्ति गौतम, अतुल यादव, मुहम्मद राशिद, सुरभि जैन, प्रेरणा अग्रवाल, संदीप कुमार, महाराज सिंह, राजदीप सिंह आदि उपस्थित रहे।