फतेहपुर। प्रयागराज मंडल के अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (एसीजेएम) उत्सव गौरव राज ने शनिवार को स्टेशन का निरीक्षण किया। बिना टिकट, बिना मास्क, चेन पुलिंग और अवैध वेडिंग करने वाले 55 लोगों पर 16530 रुपये जुर्माना लगाया। इसके बाद स्टेशन का निरीक्षण करके व्यवस्थाएं देखीं।
रेलवे एसीजेएम ने स्टेशन अधीक्षक आरके सिंह, टीटी राम बिहारी और राजू यादव के साथ निरीक्षण किया। फिर कैंप कोर्ट लगाकर लंबित वादों को हल कराया। इसमें तीन बिना टिकट यात्रियों पर 1220 रुपये जुर्माना लगाया। 38 यात्रियों को बिना मास्क पकड़ा और उनसे 3800 रुपये जुर्माना वसूला गया। चेन पुलिंग करने वाले एक यात्री से 1905 रुपये जुर्माना वसूला। 10 लोगों ने अवैध रूप से वाहनों की पार्किंग कर रखी थी। इनसे दो हजार रुपये वसूले गए।
तीन लोगों पर अवैध वेंडिंग का वाद दाखिल था, जिनसे 7605 रुपये जुर्माना वसूला गया। आरपीएफ प्रभारी प्रवीण सिंह ने बताया कि एक व्यक्ति ने वाहन से फाटक तोड़ दिया था। उसे जेल भेजने की कार्रवाई की गई है। कैंप कोर्ट में आरके शुक्ला पेशकार, अरूप घोष मौजूद रहे।