{"_id":"deac3ee7860c60cf045290960b7c87cd","slug":"eid-al-fitr-akidt-inundation-of-the-spirit-and-in-the-remembrance-of-allah-rama-show-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"ईदुल फित्र पर जज्बा और अकीदत का सैलाब अल्लाह की याद में रमा दिखा।","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
ईदुल फित्र पर जज्बा और अकीदत का सैलाब अल्लाह की याद में रमा दिखा।
अमर उजाला ब्यूरो, फतेहपुर
Updated Sun, 19 Jul 2015 12:00 AM IST
विज्ञापन
ईदुल फित्र पर जज्बा और अकीदत का सैलाब अल्लाह की याद में रमा दिखा। नम आंखों से सभी ने दरबारे खुदा में वतन की खुशहाली व इबादतगाहों की हिफाजत और ईमान पर कायम रहने की दुआ मांगी। ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज अदा की गई। खुशनुमा माहौल में लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी।
विज्ञापन
शहर की ईदगाह में सुबह साढ़े आठ बजे ईद-उल-फित्र की नमाज शुरू हुई। ईदगाह में जगह न मिलने पर मुस्लिम भाइयों ने ईदगाह के बाहर दरी बिछा करके इबादत की। शहर काजी अब्दुल्ला ने नमाज अता कराने के बाद खुदा से मुल्क में अमन-चैन कायम रखने के साथ इंसान में एक-दूसरे के प्रति मोहब्बत पैदा करने की दुआएं मांगी। ईदगाह के अलावा नई मस्जिद सादीपुर में सुबह आठ बजे, मस्जिद बंदगी में मिया मोहल्ला पनी में सुबह नौ बजे, कोतवाली वाली मस्जिद में सुबह पौ नौ बजे, जामा मस्जिद आबूनगर में सुबह साढे़ आठ बजे, रजा मस्जिद लाला बाजार में साढ़े आठ बजे, जीलानी मस्जिद पीरनपुर मेें सुबह नौ बजे, चांदशाह तकिया मस्जिद में सुबह साढ़े आठे बजे, नूरी मस्जिद में सुबह नौ बजे, शाही मस्जिद ज्वालागंज में सुबह नौ बजे व नई मस्जिद अरबपुर में सुबह नौ बजे ईद की नमाज हुई।
विज्ञापन
इंसेट
गर आधी रोटी खाएंगे, पर बच्चों को पढ़ाएंगे
पनी स्थिति मोचियाना मस्जिद में ईद-उल-फित्र की नमाज काजी शहर मौलाना फरीदउद्दीन कादरी ने अता कराई। काजी शहर ने तकरीर में इल्म को तरक्की का हथियार बनाने की गुजारिश की। तकरीर पेश करते हुए कहा कि दुनिया कयामत तक आने वाली इंसानी नस्ल को ये जेहन दिया जाए कि इल्म (शिक्षा) इंसानी तरक्की की पहली मंजिल है। जिस मुल्क के बाशिंदे जितने ज्यादा तालीमयाफ्ता हैं, वह मुल्क उतनी ही तरक्की कर रहा है। कुरान का हवाला पेश करते हुए कहा कि इल्म वाले और जाहिल बराबर नहीं मुखतसर । मतलब जो पढ़ेगा, वह बढ़ेगा। काजी शहर ने तालीम की अलख जगाने के लिए मुहिम चलाए जाने की वकालत की। कहा कि हम फैसला लें कि आधी रोटी खाएंगे, बच्चों को पढ़ाएंगें। ना अपना बच्चा और न पड़ोसी का बच्चा का घूमेगा, सब पढ़ने जाएंगे।
विज्ञापन
इंसेट
तहे दिल से ईद की मुबारकबाद
नमाज पूरी होने के बाद ईदगाह मैदान में मुबारकबाद का दौर चला। खुशियों की बेला में पहुंची डीएम पुष्पा सिंह ने शहर काजी सइदुल इस्लाम अब्दुल्ला भाई व पुलिस कप्तान अनीस अहमद अंसारी समेत मुस्लिम समाज के लोगों को ईद की मुबारकबाद दी। डीएम के अलावा सदर नगर पालिका परिषद के चेयरमैन चंद्र प्रकाश लोधी, सपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप सिंह यादव, पूर्व सांसद राकेश सचान, बसपा जिलाध्यक्ष सुनील कुमार गौतम, समीर त्रिवेदी, वीर प्रकाश लोधी आदि विभिन्न पार्टी के नेताआें ने भी गले लग करके मुस्लिम भाइयों को ईद की बधाइयां दीं।
इंसेट
किचेड सेट के लिए मचली राजिया
ईद-उल-फित्र में लगे मेला में बच्चे अपनी ख्वाहिशें खोजते नजर आए। बच्चे खान-पान के स्टालों से लेकर खिलौनों की दुकानों में अभिभावकों के सामने मचलते नजर आए। अभिभावक खुशियों की महफिल में साथ आए बच्चों की चाहत को रवानी देते रहे। राजिया को किचेड सेट का सामान भाया तो आसिफ को सेना की तोप ने रिझाया। शकील को डॉक्टर सेट पंसद आया तो महजबी को कैमरा।
इंसेट
कोतवाल को इनाम, पालिका की तारीफ
ईदगाह में ईद-उल-फित्र की नमाज के बाद शहर काजी सइदुल इस्लाम अब्दुल्ला भाई ने शहर कोतवाल आरएस सोनकर को शांत व्यवस्था कायम रखने के लिए पुलिस कप्तान अनीस अहमद अंसारी के हाथों सम्मानित कराया। कहा कि शहर कोतवाल कानून व्यवस्था संभालने में कामयाब रहे। इसके लिए वह ईनाम के हकदार हैं। इससे पहले माइक से नगर पालिका प्रशासन की साफ सफाई व्यवस्था को बेहतर करार दिया जाता रहा।
इंसेट
एक चम्मच में क्या होगा भाईजान
ईद की नमाज के बाद मेहमाननवाजी के चले दौर में हरेक मेजबान में गजब का उत्साह दिखाई दिया। एक-दूसरे के घर पहुंच करके ईद की मुबारकबाद देने के बाद लजीज व्यजंनों से मेहमाननवाजी की जाती रही। घर-घर होने वाली मेहमानवाजी को लेकर मेहमान खान-पान में पीछे हटते नजर आए। यही वजह रही कि मेजबानों से थोड़ा सा हलुवा दीजिए आपा या बस एक चम्मच सेंवई प्याली में डालना भाईजान की गुजारिश की जाती रही।
इंसेट
सेंवई के साथ व्यापार मंडल की मुबारकबाद
जिला उद्योग व्यापार मंडल की ओर से ईद मिलन समारोह आयोजित किया गया। संयुक्त मंत्री चौधरी मोइन राइन के आवास में हुए कार्यक्रम में व्यापारी नेताओं का सेंवई समेत अन्य लजीज पकवानों से इस्तकबाल किया गया। आयोजक चौधरी मोइन राइन ने हरेक वर्ग के त्यौहार मिल जुल करके मनाए जाने की बात कही। इस मौके पर व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष रवि प्रकाश दुबेेेे, फरहत अली सिद्दीकी, सरदार कुलवंत सिंह, राम प्रकाश गुप्ता, राम बाबू गुप्ता, विवेक श्रीवास्तव, हर्पित सिंह बग्गा, विनोद दिवाकर समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
इंसेट
ग्रामीणांचल में भी ईद की धूम
ईद-उल-फित्र की खुशियां जगह-जगह बिखरती रहीं। थरियांव की नूरी मस्जिद में मौलाना शकील साहब फर्रुखाबादी ने ईद की नमाज अता कराई। एजाज उल्ला उर्फ अनवर सफी, साबिर, मोहम्मद हनीफ, अल्लात हुसैन, पूर्व प्रधान मोतीलाल आदि मौजूद रहे। इसी प्रकार से गाजीपुर की तीन मस्जिदों में ईद की नमाज में अमन-चैन बरकरार रखने की दुआएं मांगी गई। हुसैनगंज, बहुआ, हंसवा, असोथर, बकंधा, सनगांव, पहाड़ीपुर, बिलंदा, भिटौरा, आदि स्थानों पर ईद की मुबारकबाद का सिलसिला देरशाम तक चलता रहा।
अपने-अपने घरों में तहेदिल से मेजबानी की
नौ बजे सभी ईदगाह और मस्जिदों में नमाज के लिए जमात खड़ी हो गई। नमाज अता करने के बाद गले मिलने और मुबारक बाद का सिलसिला शुरू हुआ। उसके बाद लोगाें ने अपने-अपने घरों में तहेदिल से मेजबानी करके लोगों को सेवाईयां खिलाई। नगर के ईदगाह में कारी हाफिज आफताब आलम ने नमाज अता कराई। खैरई, पौली, कस्बासोहन, अंमाव, खासमऊ, एकौरा, किशनपुर, नरैनी आदि गांवों में धाता ईद मनाई गई। धाता संवाददाता के अनुसार कस्बा सहित सरवनपुर नेंदौरा और अहमदपुर कुसुंभा, जहांगीरनगर गहुरा, खंतवा आदि गांवों में सकुशल ईद का त्योहार मनाया गया। प्रेमनगर प्रतिनिधि के अनुसार अफोई, मोहम्मदपुर गौंती, ऐरायंा सादात, ऐरायां मसायक, उमरपुर गौंती आदि गांवों में और हथगाम संवाददाता के अनुसार नगर सहित पट्टीशाह, शाहपुर, छिवलहा, कासिमपुर कटरा, नवाबगंज, मुआरी आदि गांवों में ईद का पर्व मनाया गया।
इंसेट
पांच सौ रुपये किलो बिका खोवा
खागा। ईद के त्योहार पर खोवा का भाव आसमान छूने लगा। दूध के भी भाव ड्योढ़ा हो गए। कमजोर तबके के लोग तो खोवा की जगह पेड़ा खरीदकर सेवाईयों में डाला। शनिवार को खोवा मंडी में खरीददारों की तादात अधिक रही। सुबह 4 सौ रुपये प्रति किलो का भाव था। 11 बजते ही 5 सौ रुपये में बिकने लगा।
सीमा पर तैनात जवानों के लिए दुआ मांगी
ईदगाह मैदान में सुबह 9 बजे नमाज अदा करने के लिए नमाजियों की भीड़ पहुंच गई। शहर - ए काजी मोहम्मद रजा ने नमाज अदा कराने के बाद देशवासियों, सीमा पर तैनात जवानों के लिए दुआ मांगी। कुछ लोगों ने बजरिया, लंकारोड, बड़े कुआं बीचवाली मस्जिद में नमाज अदा की। ईद गाह मैदान में लगे पांडाल में बसपा विधायक सुखदेव वर्मा, बसपा जिलाध्यक्ष सुनील कुमार, सपा विधान सभा प्रभारी महेंद्र बहादुर सिंह बच्चा, सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रामेश्वर दयाल उर्फ दयालू गुप्ता, वेद गुप्ता, सुरेंद्र सिंह, पूर्व चेयरमैन अरविंद गुप्ता , सुनीता गुप्ता, सुरेंद्र विश्वकर्मा आदि ने गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दिया। इसके बाद सफी अहमद चीनियर, सपा के नगर अध्यक्ष जाहिद खां बन्ने, शमी अहमद बरकाती, पूर्वसभासद वकील खान, अकरम गुड्डू, इफ्तखार अहमद उर्फ डियर आदि लोगों के यहां दावत में मुंह मीठा किया। जहानाबाद के ईदगाह मैदान पर जलील अहमद ने नमाज अदा कराने के साथ अमन चैन की दुआ मांगी। यहां कोड़ा की शाह जमाल औलिया, मलाका की अंसारी, चौक की शाहीजाम मस्जिद, में नमाज अदा कराई गई। क्षेत्रीय विधायक मदनगोपाल वर्मा, जयकरन यादव, बसपा नेता शिवगोपाल शुक्ला, अब्दुल, छोटे, खुर्शीद आदि ने घर -घर जाकर ईद की बधाई दी।