चौडगरा। किसान के घर से गुरुवार रात चोर दो लाख नकद और और चार लाख के जेवरात चोरी कर ले गए। परिवार की नींद सुबह खुली तो कमरे का सारा सामान बिखरा देखकर होश उड़ गए। गृहस्वामी ने पुलिस को तहरीर दी है।
कल्यानपुर थाना क्षेत्र के अलीपुर गांव निवासी बुधई यादव किसान हैं। बुधई का छोटा पुत्र धर्मवीर दुबई में नौकरी करता है। उसकी शादी 16 फरवरी को हुई थी। बड़ा बेटा धर्मेंद्र घर में पिता के साथ खेती किसानी करता है। बुधई ने बताया कि गुरुवार रात चोर दीवार से कूदकर आए। पीछे की ओर बने कमरे का ताला तोड़कर पहुंचे। कमरे में बक्सों का ताला तोड़कर दोनों बहुओं के जेवरात, दो हार का सेट, पायल, मंगलसूत्र, जंजीर, छह अंगूठी, झाला, बेंदी चोरी कर ले गए। ट्रैक्टर की किस्त देने और गेहूं मड़ाई के लिए डीजल खरीदने को रखे दो लाख रुपये चोरी कर ले गए। छह लाख की चोरी हुई है। घटना के समय परिवार घर के बाहर सोया हुआ था। शुक्रवार सुबह घटना देखकर बुधई ने पुलिस को सूचना दी। चौकी प्रभारी अर्जुन सिंह ने मौके का निरीक्षण किया। थानाध्यक्ष अनुरुद्ध कुमार द्विवेदी ने बताया कि चौकी इंचार्ज की जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।