{"_id":"5587aff70b1d48c80a70bfd39992ca28","slug":"cm-applauded-the-pm-on-the-issue-of-capital-investment-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"सीएम ने पूंजी निवेश के मुद्दे पर पीएम को सराहा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सीएम ने पूंजी निवेश के मुद्दे पर पीएम को सराहा
अमर उजाला ब्यूरो, फतेहपुर
Updated Fri, 05 Jun 2015 12:37 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री अखिलेश सिंह यादव ने पूंजी निवेश के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की। कहा कि देश में पूंजी निवेश के लिए विदेशी उद्योगपतियों को आमंत्रित करने का प्रधानमंत्री का प्रयास सराहनीय है। उन्होंने खागा क्षेत्र में किशनपुर यमुना घाट पर पुल निर्माण कराने की घोषणा की। कहा कि अतिशीघ्र बांदा जिले की सीमा से पुल का निर्माण शुरू होगा। वह गुरुवार को पूर्व विधायक वीर अभिमन्यु सिंह के यहां आयोजित कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि प्रदेश सरकार बिजली, पानी, सड़कों की समुचित व्यवस्था करने में लगी है। बच्चों को कुपोषण से मुक्ति दिलाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। इसके तहत स्कूलों में मध्याह्न भोजन योजना के तहत सप्ताह में एक दिन बच्चों को दूध की व्यवस्था करने की योजना है। मथुरा, लखनऊ समेत कई जिलों में एक साथ बच्चों को अक्षयपात्र नामक संस्था भोजन मुहैया करा रही है। लोहिया आवासों में सौर उर्जा के माध्यम से रोशनी उपलब्द कराई जा रही है। किसानों को राहत देने के लिए दैवी आपदा में नष्ट फसलों का मुआवजा वरीयता से आधार पर बांटा जा रहा है। हालांकि उन्होंने केंद्र सरकार की ओर से भरपूर आर्थिक मदद न मिलने की बात कही। यमुना में अवैध खनन के मुद्दे पर गंभीरता दिखाते हुए कहा कि इस मामले में जितने भी लोग दोषी होंगे उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले सपा के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह यादव, पूर्व सांसद राकेश सचान, विधायक मदनगोपाल वर्मा, विधायक इंद्रजीत कोरी, पूर्व मंत्री अचल सिंह, पूर्व मंत्री अमर जीत सिंह जनसेवक, जिला उपाध्यक्ष पवन मिश्रा, जयकुमार जैकी, मोईन खान आदि ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
विज्ञापन
तिलकोत्सव के बहाने सीएम ने साधे निशाने
जिले की राजनीति ने बदली करवट
सुघर सिंह
फतेहपुर। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरुवार को तिलकोत्सव के बहाने एक साथ कई निशाने साधे। इस समारोह में वे सभी नेता एक साथ नजर आए, जो अभी तक आपस में एक-दूसरे के खिलाफ बांह बटोरे नजर आते थे। वहीं दूसरी तरफ लंबे समय से अलग थलग पड़ा इस सियासी परिवार का भी कद बढ़ गया है।
विज्ञापन
पूर्व विधायक वीर अभिमन्यु सिंह का परिवार किसी जमानें में सपा की ड्यूढ़ी समझा जाता था, लेकिन पिछले दिनों परिस्थितियां बदल गई। ऐसे में वे सियासी दिग्गज भी इस परिवार से दूर हो गए, जिन्होंने सियासी ककहरा यहीं से सीखा था। धीरे-धीरे जिले में सपा के दिग्गजों के अलग-अलग अखाड़े बन गए। ऐसे में पूर्व विधायक किसी अखाड़े में गदा भांजने के बजाय चुप रहे। पूर्व विधायक अभिमन्यु सिंह एवं उनके भाई पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जगनायक सिंह यादव ने हर टिप्पणी पर खामोशी साधे रखी। पिछले दिनों चर्चा तो यह भी रही कि पूर्व विधायक का परिवार सपा से दरकिनार हो गया है। लेकिन इन सारे सवालों का जवाब उन्होंने तिलकोत्सव समारोह के जरिए दिया। पूर्व विधायक वीर अभिमन्यू सिंह उर्फ वीरन यादव के पुत्र विपिन सिंह यादव के तिलकोत्सव में सीएम अखिलेश यादव ने पहुंच कर इस परिवार को सियासी संजीवनी प्रदान किया। कल तक इस परिवार से सीधे मुंह बात न करने वाले जिले के सपा नेता गुरुवार को पूर्व विधायक एवं उनके भाई पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष के पीछे-पीछे चक्कर लगाते नजर आए।
गांव के दिन बहुर गए
फतेहपुर। दूरदराज छोटी सी आबादी वाले जिहरवा के दिन बहुर गए। सीएम के आगमन पर सड़क की मरम्मत हो गई। प्राथमिक स्कूल की रंगाई पुताई का काम पूरा हो चुका है। पूरे गांव की साफ सफाई करा दी गई है। खराब हैंडपंप ठीक करा दिए गए हैं। दुल्हन की तरह सजे जिहरवा गांव में भारी भरकम पांडाल में सैकड़ों की तादाद में मजदूर काम करते दिखाई पड़े, वहीं सीएम की एक झलक पाने के लिए भीड़ को काबू में करने के पुलिस को पसीना बहाना पड़ा।
पुल तो मिल गया, कुछ और बताओ
फतेहपुर। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के आगमन के दौरान हेलीपैड पर भाजपा विधायक कृष्मा पासवान भी पहुंची। वह खागा विधानसभा क्षेत्र में यमुना घाट पर पुल निर्माण की मांग की, जिसपर मुख्यमंत्री ने हंसते हुए कहा कि पुल का ऐलान तो वह पहले ही कर चुके हैं। कोई और बात हो तो बताओ। इस पर विधायक चुप हो गईं और मुख्यमंत्री आगे बढ़ गए।