धाता। अढ़ौली गांव में ट्रांसफार्मर फुंकने से एक सप्ताह से अंधेरा है। बिजली न आने से लोगों को छतों या घरों के बाहर रात काटनी पड़ती है। सुबह से शाम तक पेयजल के लिए हायतौबा मची रहती है।
अढ़ौली गांव के पूर्व व दक्षिण में दो ट्रांसफार्मर लगे हुए हैं। सप्ताहभर पहले अनुसूचित जाति की बस्ती के पास लगा ट्रांसफार्मर फुंक गया था। ऐसे में उपभोक्ताओं ने दूसरे ट्रांसफार्मर से कनेक्शन जोड़ने शुरू कर दिए। लोड़ बढ़ने से दो दिन पहले वह भी फुंक गया। लोगों के इनवर्टर पहले ही दगा दे गए थे। सुबह से शाम तक लोग मोबाइल चार्जिंग और पानी की व्यवस्था करने के लिए इधर-उधर परेशान रहते हैं। रात में घरों के बाहर, बाग या फिर छत पर सो रहे हैं। दिन और रात लोगों को बिजली की समस्या से जूझना पड़ रहा है। नर्मदा प्रसाद, हरि लाल, मंगल प्रसाद, बरमदीन, नन्द लाल, महेंद्र कुमार, राम मिलन ने ट्रांसफार्मर बदलने की मांग की है। जेई चंद्रमा प्रसाद ने बताया कि रिपोर्ट फतेहपुर भेजी गई है। ट्रांसफार्मर आते ही लगाकर आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।