फतेहपुर। समर्थन मूल्य पर खोले गए 52 क्रय केंद्रों में से बुधवार को केवल एक क्रय केंद्र में गेहूं की तौल हुई है। हाटशाखा के असोथर क्रय केंद्र में बेरुई गांव के किसान कृष्णदत्त ने अपना गेहूं बेचा। डिप्टी आरएमओ रमेश श्रीवास्तव ने मौके पर जाकर गेहूं की तौल शुरू कराई। इस बीच तौल करने वाले मजदूरों और कर्मचारियों को मास्क लगाए रखने को कहा गया।
किसानों का गेहूं खरीदने के लिए जिले में 52 क्रय केंद्र खोले गए हैं। इसमें हाटशाखा के 14, पीसीएफ के 15, यूपी एग्रो, पीसीयू के छह-छह, यूपी एसएस व नैफेड के चार-चार, कर्मचारी कल्याण निगम के दो और भारतीय खाद्य निगम का एक क्रय केंद्र खोला गया है। किसानों को क्रय केंद्र में गेहूं बेचने के लिए पंजीकरण कराना होगा। फिर उपजिलाधिकारी स्तर से सत्यापन होगा। लॉकडाउन में क्रय केंद्रों पर भीड़ न बढ़े, इसके लिए किसानों को अपनी पंजीकृत आईडी को फोन से केंद्र प्रभारी को बताना होगा। केंद्र प्रभारी किसान की आईडी जनरेट करेंगे। तब किसानों को उनके मोबाइल पर मैसेज के माध्यम से सूचना मिलेगी कि गेहूं की तौल कब कराई जाएगी। मैसेज आने के बाद ही किसानों को अपना गेहूं क्रय केंद्र में ले जाना होगा। डिप्टी आरएमओ रमेश श्रीवास्तव ने बताया कि सभी केंद्र प्रभारियों को गेहूं की तौल कराने और लॉकडाउन में सामाजिक दूरी (सोशल डिस्टेंसिंग) का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।