फोटो- 3 सिटी मजिस्ट्रेट, सीओ सिटी ने नियमों के पालन को मौलवियों से लिया लिखित माइक से गलियों में सोशल डिस्टेंस और मास्क लगाने का दिया निर्देश संवाद न्यूज एजेंसी फर्रुखाबाद। जुमे की नमाज में सोशल डिस्टेंस और पांच लोगों के घुसने के नियम को कड़ाई से पालन कराने के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। मस्जिदों और आसपास इलाके में माइक से एनाउंसमेंट कराकर एक बार में सिर्फ पांच लोगों के नमाज पढ़ने के निर्देश दिए। कहा कि मास्क का प्रयोग भी हर हल में होगा। प्रशासन ने सभी मस्जिदों से मौलवी से नियमों का पालन कराने के लिए लिखित में आश्वासन भी लिया। जनपद में जुमे की नमाज पर मस्जिदों में भीड़ न हो। इसके लिए डीएम ने एडीएम को सुपर जोनल मजिस्ट्रेट बनाते हुए तीनों एसडीएम को जोनल मजिस्ट्रेट बनाया। इसके साथ ही 13 सेक्टर मजिस्ट्रेटों को मस्जिदों पर नजर रखने को जिम्मेदारी दी थी। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में दोपहर को फोर्स के साथ निगरानी करते रहे। फतेहगढ़ और फर्रुखाबाद की मस्जिदों पर सिटी मजिस्ट्रेट अशोक कुमार मौर्य, सीओ सिटी मन्नीलाल गौंड की नजर रही। मोहल्लों में एनाउंसमेंट कराया कि सिर्फ एक बार में पांच लोग ही नमाज पढ़ सकेंगे। सोशल डिस्टेंस का पालन होगा। मास्क लगा होना चाहिए। यही नहीं एक बार नमाज पढ़ने में जो मैट प्रयोग में लाई जाएगी, उसे सैनीटाइज करके ही दोबारा प्रयोग कर सकेंगे। यदि नियमों का कहीं भी उल्लंघन हुआ, तो कार्रवाई की जाएगी। सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि संक्रमण से बचाने को यह सब नियमों का पालन करना और कराना बेहद जरूरी है। सिटी मजिस्ट्रेट को फतेहगढ़ के मोहल्ला मछली टोला, कोतवाली के पास और डीएम आवास के पास की मस्जिद बंद मिली। मोहल्ले वालों ने बताया कि हम लोग घरों में ही नमाज पढ़ते हैं। शहर में जामा मस्जिद, काजी मस्जिद, मनिहारी, नखास, साहबगंज चौराहा आदि स्थानों पर भी सीओ सिटी, कोतवाल वेदप्रकाश पांडेय ने नजर रखी। मस्जिदों के मौलवी से नियमों का पालन कराने के बारे में लिखित में आश्वासन लिया गया। साहबगंज में भीड़ की सूचना पर पहुंची पुलिस कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि साहबगंज चौराहा मस्जिद में ज्यादा लोग नमाज पढ़ रहे हैं। सीओ सिटी मन्नीलाल गौंड और कोतवाल वेदप्रकाश पांडेय, नखास चौकी प्रभारी बलराज भाटी पहुंचे। वहां सब कुछ सामान्य मिला। अफसरों ने कोई लापरवाही न बरतने की हिदायत दी। बिना मास्क मिले 15 लोगों के चालान काटे।