शमसाबाद। ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत बांसखेड़ा के मजरा पैलानी दक्षिण में गंगा का कटान लगातार तेज होता जा रहा है। कटान की जद में आकर अब तक करीब 12 से अधिक मकान और झोपड़ियां नदी में समा चुकी हैं। गंगा के कटान से ग्रामीण दहशत में हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि कई गरीब परिवारों के आशियाने और प्रधानमंत्री आवास भी कटान की भेंट चढ़ चुके हैं। किसानों के खेत-खलिहान तेजी से कट रहे हैं, जबकि खड़ी गेहूं की फसल भी खतरे में है। इसके अलावा तरबूज, खरबूजा, खीरा और ककड़ी जैसी फसलें भी कटान की जद में आ गई हैं। मस्कीरन, मशरूम खां, शकील खां, इवनीस ने बताया कि उनकी आंखों के सामने मकान और झोपड़ियां गंगा में समा रही हैं। लगातार जारी कटान से ग्रामीणों का भविष्य अधर में है। ग्राम प्रधान जुबैर खान ने बताया कि खतरे को देखते हुए ग्रामीणों को सतर्क कर दिया गया है। उन्हे सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।