फिल्मी स्टाइल 'चेज': काल बनी रोडवेज बस ने बराती को रौंदा, साथियों ने 10KM पीछा कर बरसाए पत्थर, पांच गिरफ्तार
Farrukhabad News: रोडवेज बस की टक्कर से बराती के घायल होने पर आक्रोशित साथियों ने बस का पीछा कर तोड़फोड़ की। प्रभारी निरीक्षक ललित कुमार ने बताया कि बस में तोड़फोड़ करने पर पांच लोगों का चालान कर दिया। चालक व परिचालक से पूछताछ की जा रही है। परिवहन विभाग को घटना की जानकारी दी जा चुकी है।
विस्तार
कानपुर से फर्रुखाबाद की ओर जा रही रोडवेज बस की टक्कर से घायल बराती शहर के निजी अस्पताल में भर्ती है। घटना के बाद गुस्साए बरातियों ने कार से दस किलोमीटर पीछा कर रोडवेज पर ईंट पत्थर चलाए। बस को रोक कर उसमें तोड़फोड़ की। बरातियों ने थाने के बाहर जमकर हंगामा किया। पुलिस ने चालक सहित सात को हिरासत में लिया।
यात्रियों को दूसरी बस से भेजा गया। घायल के पिता ने चालक पर प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने पांच बरातियों को गिरफ्तार कर लिया।कासगंज जिला के पटियाली क्षेत्र के नगला आमेर निवासी वीरपाल सिंह के पुत्र सचिन कुमार की बरात बृहस्पतिवार की रात क्षेत्र के गांव खुदागंज पहुंची। सरकारी स्कूल के पास बरात चढ़ाने की तैयारी चल रही थी।
रात करीब 10:15 बजे बराती रजनेश, शिवम व आशीष (20) राज्य मार्ग पर पैदल गेस्ट हाउस से बरात स्थल की ओर जा रहा था। इसी दौरान कानपुर से फर्रुखाबाद की ओर जा रही लीडर रोड डिपो की रोडवेज बस ने आगे चल रही कार को ओवरटेक करते समय आशीष को टक्कर मार दी। हादसे में आशीष घायल हो गया, जिसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बरातियों ने बस को रोककर की तोड़फोड़
उधर, घटना के बाद बरातियों ने कार से बस का पीछा करना शुरू कर दिया। कार सवार बरातियों ने ओवरटेक कर बस को रोकने का प्रयास किया। कस्बा के रेलवे स्टेशन तिराहे पर बरातियों ने बस को रोक कर उसमें तोड़फोड़ की। ईंट-पत्थर भी चलने से बस के शीशा क्षतिग्रस्त हो गए। इसके बाद चालक ने थाने के सामने रोडवेज बस रोकी और दौड़ते हुए अंदर पहुंच गया।
बरातियों की भीड़ ने बस को चारों तरफ से घेर लिया और हंगामा करने लगे। प्रभारी निरीक्षक ललित कुमार ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह शांत नहीं हुए। बराती पुलिस से अभद्रता करने लगे। इस पर पुलिस ने पांच बरातियों व रोडवेज के चालक, परिचालक को हिरासत में ले लिया। घटना की जानकारी होने पर अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह व क्षेत्राधिकारी अमृतपुर अमरपाल सिंह ने थाने पहुंच मामले की जांच की।
शांतिभंग में कर दिया चालान
यात्रियों के बयान दर्ज करने के बाद पुलिस ने देर रात दूसरी रोडवेज से उन्हें फर्रुखाबाद बस स्टैंड के लिए भेज दिया। शुक्रवार को घायल आशीष के पिता अमरपाल ने चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। घायल आशीष की हालत गंभीर है। पुलिस ने पकड़े गए पटियाली के नगला मीर निवासी दिलीप, रमन, शिवम, सीतापुर जिला के मिसरिक के कृष्णा मिश्रा व जिले के राजेपुर क्षेत्र के इमादपुर के वीरेश का शांतिभंग में चालान कर दिया।