फर्रुखाबाद। नीट और सीबीएसई परीक्षाओं में अनियमितताओं तथा छात्रों पर कार्रवाई के विरोध में जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी ने शनिवार शाम कैंडल मार्च निकाला। कार्यकर्ताओं ने नीट पेपर लीक प्रकरण के बाद जान गंवाने वाले 21 छात्रों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की।
पूर्व विधायक लुईस खुर्शीद के नेतृत्व में त्रिपौलिया चौक से सुभाष गेट तक निकाले गए कैंडल मार्च में कार्यकर्ताओं ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर युवाओं के भविष्य की सुरक्षा और निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था की मांग उठाई। पूर्व विधायक लुईस खुर्शीद ने कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं से छात्रों का विश्वास कमजोर हुआ है और सरकार को इसकी जवाबदेही तय करनी चाहिए। जिलाध्यक्ष शकुंतला देवी, शहर अध्यक्ष अंकुर मिश्रा, अनिल मिश्रा, मृत्युंजय शर्मा, राधेश्याम मिश्रा, वीरेंद्र मिश्रा, अतीक सलमानी, सलीम खान, अम्मार अली, शिवाशीष तिवारी, विष्णु मिश्रा, जायदा परवीन, कन्हैया बाथम, हिलाल शफीकी आदि मौजूद रहे।