फर्रुखाबाद में बंदरबांट: 4000 में खरीदे गए 700 रुपये के कूड़ेदान, चहेती फर्म से खरीदा...ठेकेदार को भुगतान भी
Farrukhabad News: सीएमओ डॉ. अवनींद्र कुमार से इस संबंध में पूछे जाने पर पहले उन्होंने बात घुमाने का प्रयास किया। फिर फोन काट दिया और दोबारा काल रिसीव नहीं की।
विस्तार
फर्रुखाबाद जिले में सीएमओ कार्यालय के स्टोर में मनमाने तरीके से करोड़ों की खरीद की जाती है। बाजार में 700 रुपये कीमत का कूड़ेदान चहेती फर्म से 4000 रुपये में खरीदकर ठेकेदार को भुगतान भी कर दिया गया। अब यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
स्वास्थ्य विभाग में संसाधनों का भले ही इस्तेमाल सही तरीके से न किया जाए, लेकिन बजट खर्च करने के लिए खरीद खूब मनमाने तरीके से की जा रही है। गत वर्ष एएनएम ट्रेनिंग सेंटर में करीब 21.50 लाख रुपये की सामग्री खरीदी गई। इसमें तख्त, गद्दा, कुर्सी आदि बाजार से काफी महंगे दामों में खरीदकर फर्म को भुगतान कर दिया।
करीब तीन माह पूर्व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के लिए कूड़ेदान खरीदे गए। एक कूड़ेदान की बाजार में कीमत बमुश्किल 700 रुपये है। जबकि स्टोर से यह कूड़ेदान करीब 4000 हजार रुपये प्रति पीस खरीदा गया। लखनऊ की चहेती फर्म को सीएमओ ने भुगतान भी कर दिया।
सभी सामग्री पर पर्दा डालने का प्रयास
बताया जा रहा है कि इसी फर्म से करीब 20 लाख रुपये की सामग्री खरीदी गई। हालांकि इस सभी सामग्री पर पर्दा डालने का प्रयास किया जा रहा है। इस फर्म को बंदरबांट के खेल में भुगतान भी किया जा चुका है। स्टोर प्रभारी डिप्टी सीएमओ डॉ. आरसी माथुर ने बताया कि उनके चार्ज लेने से पहले कूड़ेदान आदि की खरीद की गई है।
सीएमओ ने बात घुमाने का किया प्रयास
उन्होंने बिल तो नहीं देखा, लेकिन कूड़ेदान की 4000 रुपये में खरीद किए जाने की जानकारी दी गई है। सीएमओ डॉ. अवनींद्र कुमार से इस संबंध में पूछे जाने पर पहले उन्होंने बात घुमाने का प्रयास किया। फिर फोन काट दिया और दोबारा काल रिसीव नहीं की।