{"_id":"631cd513f1a5a51f4836308b","slug":"ayodhya-railway-station-will-have-facilities-like-international-airport-faizabad-news-lko6477180109","type":"story","status":"publish","title_hn":"Ayodhya: अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं वाला होगा अयोध्या रेलवे स्टेशन, विश्वस्तरीय सुविधाओं से होगा लैस","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Ayodhya: अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं वाला होगा अयोध्या रेलवे स्टेशन, विश्वस्तरीय सुविधाओं से होगा लैस
Sun, 11 Sep 2022 03:59 PM IST
लखनऊ ब्यूरो
संवाद न्यूज एजेंसी, अयोध्या
संवाद न्यूज एजेंसी, अयोध्या
Published by: लखनऊ ब्यूरो
Updated Sun, 11 Sep 2022 03:59 PM IST
सार
अयोध्या का रेलवे स्टेशन विश्वस्तरीय आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। इसकी लागत करीब 200 करोड़ रुपये आएगी। तीन नए प्लेटफार्म व ड्रेनेज संबंधी काम में तेजी आ गई है।
विज्ञापन
अयोध्या रेलवे स्टेशन को अंतिम रूप देने में जुटे कर्मचारी।
- फोटो : amar ujala
विस्तार
केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा रामनगरी को त्रेतायुगीन वैभव दिलाने का प्रयास सार्थक नजर आ रहा है। कई हजार करोड़ की परियोजनाओं से इसे संवारा जा रहा है। अयोध्या धाम बस स्टेशन को भव्य रूप दिया जा चुका है। यहां अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का निर्माण हो रहा है। इसी क्रम में करीब 200 करोड़ की लागत से अयोध्या रेलवे स्टेशन को विश्वस्तरीय सुविधाओं से युक्त बनाया जा रहा है। इसे अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है। उम्मीद है कि दिसंबर तक इसका काम पूरा हो जाए।
विज्ञापन
अयोध्या में बन रहे विश्वस्तरीय रेलवे स्टेशन के प्रथम चरण का काम पूरा हो चुका है। इसके तहत कर्मचारियों का आवास, पार्किंग व फुट ओवरब्रिज आदि काम पूरे हो चुके हैं। दूसरे चरण का काम भी करीब 90 फीसदी पूरा हो चुका है। नई बिल्डिंग करीब-करीब बनकर तैयार है। इससे स्टेशन को नया लुक मिल गया है।
विज्ञापन
लगभग 10 हजार वर्गमीटर में बनी इस वातानुकूलित बिल्डिंग में महिला, पुरुष व वीआईपी प्रतीक्षालय, फूड प्लाजा, बुक स्टाल, क्लॉक रूम, यात्री डेस्क, वाटर कूलर, दिव्यांगों के लिए अलग शौचालय, शिशु देखभाल कक्ष, यूएस रूम, बीमार कक्ष, लिफ्ट, चार एस्केलेटर के अलावा वीआईपी लाउंज, प्रतीक्षा क्षेत्र, पर्यटक सूचना कार्यालय, रिटायरिंग रूम और लेडिज-जेंट्स डॉरमेट्री जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके अलावा रेलवे पुलिस कार्यालय, तीन नए प्लेटफार्म व सड़क निर्माण के साथ ड्रेनेज संबंधी काम सहित अन्य काम भी तेजी से हो रहे हैं।
विज्ञापन
अयोध्या रेलवे स्टेशन के विस्तार का काम वर्ष 2018 में शुरू हुआ था। पहले चरण में बने भवन को श्रीराम मंदिर की तर्ज पर भव्य और आकर्षक बनाया गया है। भवन में लगी टाइल्स, पत्थर, शीशे, दरवाजे व लाइटिंग आदि इसकी भव्यता का अहसास करा रहे हैं। भवन के बीच में लगा भारी भरकम पंखा व ठीक उसके नीचे बनी फर्श की डिजाइन का आकर्षण यात्रियों का मन मोहने को तैयार है। यहां पहुंचने वाले यात्रियों को विदेश में मौजूद होने का अहसास होगा।
रेलवे स्टेशन का नया मार्ग टेढ़ी बाजार रेलवे क्रॉसिंग के बगल से बनना प्रस्तावित है। उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक आशुतोष गंगल समेत डीआरएम लखनऊ सुरेश कुमार सपरा समेत अन्य अधिकारी इसे लेकर गंभीर नजर आ रहे हैं। लगातार दौरे कर रहे हैं। अभी हाल ही में स्टेशन के विस्तार के लिए राज्य सरकार ने रेलवे को 93,510 वर्ग मीटर जमीन उपलब्ध कराई है।
रेलवे बोर्ड द्वारा प्रस्तावित बजट के आवंटन के बाद सबसे पहले कई निजी संपत्तियों को अधिग्रहीत किया जाएगा। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू होगा। स्टेशन से टेढ़ी बाजार की ओर करीब दो किमी. के नए मार्ग को 10 मीटर चौड़ा बनाने की कवायद शुरू हो गई है। इस मार्ग पर तीन बड़े द्वार, रेस्टोरेंट, विश्रामालय व शॉपिंग कॉम्पलेक्स आदि भी बनेंगे।
अकबरपुर-अयोध्या-बाराबंकी रेल मार्ग का विद्युतीकरण हो गया है। अब इस मार्ग पर 100 किमी./घंटे की स्पीड से इलेक्ट्रिक ट्रेनें दौड़ रही हैं। इसके साथ ही ट्रैक का दोहरीकरण भी किया जा रहा है। जौनपुर के शाहगंज से अयोध्या के गोसाईगंज तक ट्रैक का दोहरीकरण हो चुका है। गोसाईगंज से अयोध्या कैंट स्टेशन तक के ट्रैक का दोहरीकरण करने के लिए दिसंबर तक का समय निर्धारित किया गया है।
रेल इंडिया टेक्निकल एंड इकोनॉमिक सर्विस (राइट्स) के जेजीएम एके जौहरी का कहना है कि अयोध्या रेलवे स्टेशन का काम दिसंबर 2022 तक पूरा कर लिया जाएगा। नए भवन में फिनिशिंग का काम चल रहा है। पूरे भवन को वातानुकूलित कर दिया गया है। स्टेशन करीब तीन किलोमीटर लंबा होगा। स्टेशन के नए भवन का काम 90 फीसदी पूरा हो गया है।