{"_id":"126-68004","slug":"Faizabad-68004-126","type":"story","status":"publish","title_hn":"घूस लेते पकड़ा ग्राम पंचायत सचिव","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
घूस लेते पकड़ा ग्राम पंचायत सचिव
Faizabad
Updated Thu, 10 Oct 2013 05:38 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रुदौली। इंदिरा आवास स्वीकृति कराने के नाम पर सुविधा शुल्क मांगना मवई ब्लॉक के एक ग्राम पंचायत सचिव को भारी पड़ा। बुधवार को पंचायत सचिव एंटी करप्शन टीम की ओर से बिछाए गए जाल में फंस गया और पांच हजार रुपये लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। टीम के निरीक्षक ने मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है। मवई ब्लॉक के सैमसी गांव निवासी राजू पुत्र नंदलाल ने इंदिरा आवास योजना के तहत अनुदान हासिल करने के लिए आवेदन किया था। राजू का आरोप है कि मानक व शर्तें पूरी करने के बावजूद उसका आवेदन स्वीकृत नहीं किया जा रहा था। ग्राम पंचायत सचिव दिलीप कुमार श्रीवास्तव से बात की गई तो उन्होंने पांच हजार रुपये सुविधा शुल्क की डिमांड की। कहा कि इसमें सभी को हिस्सा जाता है। बिना सुविधा शुल्क के अनुदान स्वीकृत नहीं होगा। इसके बाद राजू ने मामले की शिकायत एंटी करप्शन सेल में की। सेल के निरीक्षक बुद्धसिंह चौहान ने बताया कि ग्राम पंचायत सचिव की ओर से घूस मांगने की शिकायत पर कार्रवाई के लिए उनके नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम के चंद्र मोहन श्रीवास्तव, रामेश्वर प्रसाद मिश्रा, देव प्रकाश मिश्र, केके सिंह वाहन से भेलसर चौराहे के पास पहुंचे और इंतजार करने लगे। शाम लगभग चार बजे ग्राम पंचायत सचिव दिलीप कुमार श्रीवास्तव होटल पर पहुंचा और राजू से बातचीत के बाद घूस की रकम पांच हजार रुपये लेने लगा। इसी दौरान उसको रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। उनका कहना है कि रुदौली कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। कोतवाल जनार्दन दूबे का कहना है कि एंटी करप्शन सेल की ओर से दिलीप कुमार श्रीवास्तव के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
विज्ञापन