{"_id":"433013327aa6fb73185cdcd4d526a856","slug":"unhappy-with-the-delay-of-trains-stalled-travelers-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"ट्रेनों की लेटलतीफी से खफा यात्रियों का हंगामा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
ट्रेनों की लेटलतीफी से खफा यात्रियों का हंगामा
ब्यूरो/अमर उजाला, इटावा
Updated Sun, 05 Jul 2015 11:07 PM IST
विज्ञापन
ट्रेनों की लेटलतीफी से परेशान यात्रियों का रविवार को गुस्सा भड़क गया। उन्होंने स्टेशन मास्टर के चेंबर के बाहर जमा होकर जमकर हंगामा किया।
विज्ञापन
यात्रियों की मांग थी कि ट्रेनों की लेटलतीफी के कारण नॉन स्टॉप ट्रेनों को वैकल्पिक तौर पर स्टॉप दिया जाए। साथ ही उनके टिकट भी वापस लिए जाए। बाद में टिकट वापसी होने के बाद ही यात्रियों का गुस्सा शांत हुआ। गौरतलब है कि इटावा रेलवे स्टेशन पर ऑटोमैटिक सिग्नल प्रणाली के लिए एसएसआई सिस्टम का काम चल रहा है।
विज्ञापन
इसके तहत टूंडला कानपुर पैसेंजर को 11 जुलाई तक, कानपुर-टूंडला पैसेंजर 10 जुलाई तक, कानपुर-इटावा टूंडला पैसेंजर दस जुलाई तक, टूंडला-इटावा पैसेंजर दस जुलाई तक शिकोहाबाद पैसेंजर ट्रेनों को दस जुलाई तक निरस्त कर दिया गया है।
विज्ञापन
इन ट्रेनों के न चलने से यात्रियों को परेशानी हो रही है। साथ ही जो एक्सप्रेस ट्रेनें चल रही हैं, वे घंटों की देरी से आ रही हैं। रविवार को ट्रेनों की लेटलतीफी देखकर यात्रियों का गुस्सा भड़क गया। यात्री अपने-अपने टिकट वापस करने विंडो पर पहुंचे तो तीन घंटा से अधिक समय होने की बात कहते हुए उनका टिकट वापस नहीं किया गया।
इस पर करीब तीन सैकड़ा यात्री स्टेशन मास्टर के दफ्तर में जमा हो गए। यात्रियों ने जमकर नारेबाजी की। यात्रियों की मांग थी कि ट्रेनें लेट हैं, लिहाजा उनके टिकट तत्काल वापस कराए जाएं। कुछ यात्रियों ने यह भी मांग की कि एक्सप्रेस ट्रेनों के लेट होने से वैकल्पिक रूप में नॉन स्टॉप ट्रेनों को स्टॉप दिया जाए।
हंगामा होने की सूचना आरपीएफ, जीआरपी के अलावा सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। स्टेशन अधीक्षक ने यात्रियों की मांग पर टिकट वापस कराने की प्रक्रिया शुरू कराई।
दोपहर तक करीब तीन सैकड़ा टिकट वापस किए गए। साथ ही एक नॉन स्टॉप ट्रेन को रोके जाने का भी आश्वासन दिया। इस पर यात्रियों का गुस्सा शांत हुआ। स्टेशन अधीक्षक ने बताया कि ट्रेनों की लेटलतीफी ऊपर से ही चल रही है। एसएसआई वर्क के कारण पैसेंजर ट्रेनों का संचालन कुछ समय के लिए बंद किया गया है।
लेट रहीं ट्रेनें
रविवार को अप में आने वाली मगध एक्सप्रेस 11 घंटे की देरी से आई। इसी तरह गोमती एक्सप्रेस छह घंटे, तूफान एक्सप्रेस सात घंटे, महानंदा एक्सप्रेस पांच घंटे, कानपुर-टूंडला पैंसेजर छह घंटे की देरी से आने की जानकारी दी गई। डाउन में आने वाली नॉर्थईस्ट एक्सप्रेस पांच घंटे, नीलांचल एक्सप्रेस चार घंटे, मुरी एक्सप्रेस तीन घंटे देरी से होने की जानकारी रेलवे ने दी।
बवाल थमा तो वादा भूले
यात्रियों के हंगामे के बाद अप कलकत्ता से आनंद बिहार जाने वाली 02265 कलकत्ता आनंद बिहार एक्सप्रेस नॉन स्टॉप ट्रेन को रोके जाने की घोषणा रेलवे अफसरों ने की। ट्रेन रुकने का एनाउंसमेंट भी हुआ, लेकिन जब यात्रियों का हंगामा थम गया तो अफसर भी अपना वादा भूल गए और ट्रेन बिना रुके ही गुजर गई। इस कारण यात्री प्लेटफार्म पर ही प्रतीक्षा करते रहे।