कातिल बाप: नशे में पिता ने एक माह की बेटी को जमीन पर पटकर मार डाला, पत्नी को भी न बख्शा
आरोपी बबलू की पहली पत्नी के निधन के बाद दीपू से शादी हुई थी। पहली पत्नी से दो बेटियां आरुषि (7), कशिश (5) हैं।
विस्तार
पांच दिन पहले दंपती के झगड़े में गिरकर घायल हुई एक माह की नवजात बच्ची की इलाज के दौरान मौत हो गई। पत्नी व मायके वालों ने पिता पर बच्ची को पटकने का आरोप लगाया। पुलिस ने घटना वाले दिन आरोपी पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी, पुलिस बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच में जुट गई है।
इटावा के समसपुर निवासी इंदल सिंह ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी दीपू की करीब तीन साल पहले बबलू से शादी की थी। बबलू इसी थाना क्षेत्र के चंद्रपुरा गांव का रहने वाला है। आरोप है कि 14 सितंबर को बबलू ने पड़ोसियों के साथ शराब पी थी। जिसके बाद नशे में पड़ोसियों से झगड़ा हो गया। पड़ोसियों ने दीपू के साथ मारपीट कर दी थी। दीपू ने जब पति बबलू को रोका तो उसने पत्नी को पीट दिया।
आरोप है कि दीपू की गोद से एक माह की बेटी तान्या को उठाकर जमीन पर पटक दिया था। दीपू ने घटना की जानकारी मायके में फोन से दी। सूचना पर इंदल सिंह बेटी के घर पहुंचे। वहां से घायल मां-बेटी को थाने लेकर पहुंचे। पुलिस ने मां की तहरीर पर दंपती के झगड़े के दौरान बच्ची के गोद से गिरकर घायल होने की रिपोर्ट दर्ज कर घायलों को अस्पताल भेज दिया था।
गंभीर रूप से घायल बच्ची को लेकर परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टर ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। यहां इलाज के दौरान तान्या की 17 सितंबर को मौत हो गई। आरोपी बबलू की पहली पत्नी के निधन के बाद दीपू से शादी हुई थी। पहली पत्नी से दो बेटियां आरुषि (7), कशिश (5) हैं। दीपू की डेढ़ वर्षीय बेटी का नाम परी है। प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह ने बताया है कि बच्ची की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर धाराएं बढ़ाकर कार्रवाई की जाएगी।