भरथना। वाहन चोरी कर अलग-अलग शहर में बेचने वाले गिरोह के सरगना समेत तीन को गिरफ्तार कर भरथना पुलिस ने चोरी की नौ बाइक बरामद की। सोमवार की रात चेकिंग के दौरान बदमाश पुलिस के हत्थे चढे़।
मंगलवार को कोतवाली परिसर में सीओ चंद्रपाल सिंह ने बताया भरथना-बिधूना मार्ग पर स्थित बहारपुर नहर पुल पर रात तीन बजे वाहन चेकिंग की जा रही थी। उसी दौरान ऊमरसेंडा नहर पुल की तरफ से आ रहे तीन लोग अलग-अलग बाइक पर सवार होकर आ रहे थे, जिन्हें रोकने पर उन्होंने भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने उन लोगों को मय बाइक के दबोच लिया। बाइके चोरी की निकलीं। मौके पर पकड़े गए सरगना दूरबीन पुत्र हरनाम निवासी ग्राम डांडी बहारपुर भरथना, संजीव उर्फ संजू पुत्र रामस्वरुप निवासी सुल्तानपुर थाना एरवाकटरा जिला औरैया, चंदन पुत्र शिवराम सिंह निवासी नियामतपुर थाना सौरिख जिला कन्नौज से पूछताछ की गई। उन्होंने बताया कि वह बाइक चोरी कर बेच देते हैं। उनकी निशानदेही पर ऊमरसेंडा नहर पुल के आगे खंडहर से चोरी की छह बाइकें बरामद की गई। पकड़े गए बदमाशों से दो तमंचे, पांच कारतूस व एक चाकू बरामद हुआ। आरोपियों के खिलाफ कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।