इटावा। कोरोना महामारी से बचाव के लिए लगाए गए लॉकडाउन में लोग सब्जी, राशन और दूध खरीदते समय सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं कर रहे हैं। लोगों की इस लापरवाही से उनके परिवार के साथ अन्य लोगों को भी खतरा हो सकता है।
लॉकडाउन के चौथे दिन रविवार को बाजार में सभी दुकानों और बाजारों में भीड़ देखी गई। लोग पास पास खड़े होकर किराना, सब्जी और फल आदि खरीदते रहे। दुकानों के सामने बने गोले भी नहीं दिख रहे थे। चौगुर्जी में सब्जी व किराना दुकानों में लोग सटकर खड़े थे। पुरानी गल्लामंडी, गाढ़ीपुरा, नौरंगाबाद, छैराहा, विजय नगर, झम्मनलाल कलारी आदि मोहल्लों की दुकानों पर भी यही हाल रहा।
संवाद प्रतिनिधि उदी के अनुसार कस्बे में सुबह आठ से 12 बजे तक सब्जी और किराना की दुकानें खुल रही हैं। इनमें सामान खरीदने के लिए लोगों की भीड़ लग रही है। दुकानों के सामने गोले बनाए गए हैं लेकिन लोग एक दूसरे से सटकर खड़े हो रहे हैं। रविवार को बाजार में काफी भीड़ देखी गई। भीड़ में शामिल ज्यादातर लोग मास्क भी नहीं लगाए थे।