{"_id":"59fe03b04f1c1b70548baeab","slug":"dish-on-the-faith-of-the-devotees-on-pancheen","type":"story","status":"publish","title_hn":"पचनद पर श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
पचनद पर श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी
अमर उजाला ब्यूरो, इटावा
Updated Sat, 04 Nov 2017 11:45 PM IST
विज्ञापन
कार्तिक पूर्णिमा पर पंचनद में डुबकी लगाते श्रद्धालु।
- फोटो : amarujala
चकरनगर । चकरनगर क्षेत्र के धार्मिक स्थल पचनद धाम पर कार्तिक पूर्णिमा के पावन पर्व पर हजारों श्रद्धालुओं ने पचनद में डुबकी लगाकर भगवान कालेश्वर महाराज का जलाभिषेक व पूजन किया। पचनद संगम पर सुबह चार बजे ही श्रद्धालुओं की भीड़ जमा होने लगी थी। भीड़ को नियंत्रित करने लिए पुलिस प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल की व्यवस्था की थी।
विज्ञापन
महिलाओं के स्नान करने के लिए घाट पर पर्दों की व्यवस्था न होने से उन्हें काफी परेशानी हुई। स्नान घाटों पर पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों, नावों की व्यवस्था की ताकि किसी भी स्थिति से निपटा जा सके। इसके अतिरिक्त सेंचुरी विभाग ने भी अपने मोटर वोट से निगरानी की। कालेश्वर मंदिर के पुजारी किशोर के अनुसार इस बर्ष कार्तिक पूर्णिमा पर 70 से 80 हजार तक श्रद्धालुओं ने स्नान किया होगा। गत वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष भीड़ काफी अधिक रही।
विज्ञापन
क्षेत्रीय मान्यताओं के अनुसार यह मेला सदियों से इसी प्रकार चल रहा है। मेला परिसर में एसडीएम चकरनगर जितेंद्र श्रीवास्तव, एएसपी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, थानाध्यक्ष बिठौली बिनोद यादव ने घूम-घूम कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सुबह से लेकर शाम तक स्नान एवं पूजा पाठ का कार्यक्रम चलता रहा।
विज्ञापन
घरों में की गई तुलसी की पूजा और कथा
इटावा (ब्यूरो)। शनिवार को कार्तिक पूर्णिमा का पर्व पूरी श्रद्धा और विश्वास के साथ मनाया गया। इस मौके पर कुछ श्रद्धालुओं ने तड़के यमुना तट पर पहुंचकर यमुना में डुबकी लगाई। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर पवित्र नदियों में स्नान करने की परंपरा सदियों से चली आ रही है। यह बात अलग है कि यमुना जी ने मुख्य स्नान घाट को छोड़कर करीब एक किलोमीटर दूसरी ओर बह रही हैं। इसलिए स्नान करने के लिए लोगों को काफी पैदल चलकर जाना पड़ा।
दूसरी ओर इस महत्वपूर्ण पर्व पर लोगों ने अपने घरों में भगवान सत्यनारायण की कथा सुनी, साथ ही महिलाओं ने तुलसी जी का शृंगार कर उनकी पूजा की। हिंदू धर्म में कार्तिक महीने का विशेष महत्व है। मान्यता है कि दीपावली के बाद ग्याहरवें दिन संसार के पालनहार देवता भगवान विष्णु चार मास की निद्रा से जागते हैं इस दिन को देवोत्थान एकादशी के रूप में मनाते हैं। इसी दिन भगवान विष्णु संग तुलसी जी का विवाह कराया जाता है और इसी के साथ मांगलिक कार्यों की शुरुआत भी होती है। कार्तिक मास में ही बैकुंठ चतुर्दशी पर देव दीपावली भी मनाई जाती है और कार्तिक पूर्णिमा के साथ ही कार्तिक मास का समापन हो जाता है।
