सैफई। कार में बैठकर लूट व चोरी की योजना बनाते समय दो युवकों को वैदपुरा पुलिस ने दबोच लिया। इनके पास तमंचा भी बरामद हुआ। पूछताछ के बाद दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी राजीव कुमार यादव ने बताया कि सोमवार रात 11:30 बजे सूचना मिली कि रजमऊ रोड पर मुर्गी फार्म से पहले एक कार में दो लोग लूट व चोरी की योजना बना रहे हैं। उपनिरीक्षक नेम सिंह की टीम को भेजा गया। पुलिस को देख आरोपी भागने लगे। उन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। तलाशी में इनके पास एक तमंचा, दो कारतूस, एक चाबी का गुच्छा और प्लास बरामद हुआ। यह लोग मोबाइल टावर पर घटना करने के इरादे से घूम रहे थे। एक ने अपना नाम कुलदीप उर्फ शैलेंद्र निवासी नगला भगत थाना भोगांव जिला मैनपुरी बताया, दूसरे ने शिवशू उर्फ सुभाष निवासी ग्राम सिवाई थाना भोगांव जिला मैनपुरी बताया। सुभाष पर थाना भोगांव में एससी एसटी एक्ट सहित कई मामले दर्ज हैं।