इटावा। बकेवर थानाक्षेत्र अंतर्गत ग्राम मुकुटपुर में गुरुवार को चलती कार से युवकों ने दोस्त को फेंक दिया। पुलिस ने चारों युवकों को पकड़ लिया। मौके से दो सिपाहियों के साथ कार सवार रवाना हुए। कार को नशे में धुत युवक चला रहा था। कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, जिसमें कार सवार चारों युवक व दोनों सिपाही घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गुरुवार को ग्राम लुधियानी निवासी सुशांत तिवारी, ओम नरायन, भरेपुरा निवासी दीपक और विकास चौहान कार से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान तीनों युवकों का ओम से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। तीनों युवकों ने ओम को चलती कार से धक्का दे दिया। इसमें ओम जख्मी हो गया। एक ग्रामीण ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस ने कार सवार तीनों युवकों को पकड़ लिया और ओम के पास पहुंची। चारों पुलिस के सामने ही आपस में उलझ पड़े। बकेवर थाना प्रभारी अंजन कुमार सिंह, महेवा चौकी प्रभारी नीतेंद्र वशिष्ठ ने दो सिपाहियों को युवकों के साथ कार में बैठाकर थाने भेज दिया। इस दौरान कार को नशे में धुत सुशांत तिवारी चला रहा था। मुकुटपुर के पास कार अनियंत्रित होकर पेड़ में कार भिड़ गई। हादसे में चारों कार सवार और सिपाही आलोक व आकाश घायल हो गए। पीछे आ रही पुलिस की टीम घायलों को सीएचसी ले गई। इधर, नियमानुसार पुलिस कर्मियों को कार चलाकर थाना ले जाना चाहिए था।