{"_id":"0978b28d8e029a501553f1421a1fe3ce","slug":"14-solar-lights-will-illuminate-from-the-school-premises-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"14 सोलर लाइटों से रोशन रहेगा स्कूल परिसर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
14 सोलर लाइटों से रोशन रहेगा स्कूल परिसर
ब्यूरो/अमर उजाला, इटावा
Updated Fri, 10 Jul 2015 11:23 PM IST
विज्ञापन
राजकीय आश्रम पद्धति इंटर कालेज नगला हीरालाल के परिसर को रोशन करने के लिए 14 सोलर लाइटें लगाई गई हैं। डेढ़ किलोवाट के सोलर पॉवर प्लांट से यहां पर प्रकाश की व्यवस्था की गई है।
विज्ञापन
जिलाधिकारी नितिन बंसल ने विद्यालय में प्राथमिक अनुभाग के शैक्षिक एवं आवासीय भवनों का उद्घाटन किया। विद्यालय में आठ डारमेट्री, स्टॉफ कम-डायनिंग हॉल व किचन, टॉयलेट, बाथरूम, लाइब्रेरी, प्राथमिक चिकित्सा, अधीक्षक कार्यालय तथा क्लॉस रूम का निर्माण कराया गया है।
विज्ञापन
समाज कल्याण विभाग की निर्माण इकाई यूपी सिडको ने इसे 1.14 करोड़ रुपये की लागत से बनाया है। उद्घाटन के मौके पर डीएम ने छात्रों से सीधे बातचीत की। उन्होंने कंप्यूटर शिक्षा, वोकेशनल ट्रेनिंग, खेलकूद आदि की व्यवस्था पर बल दिया। उन्होंने बच्चों को समाज की मुख्य धारा में लाने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने की सलाह दी।
विज्ञापन
उन्होंने संस्कारपूर्ण शिक्षा पर बल देते हुए कहा कि बच्चों के बहुर्मुखी विकास पर बल दें। उन्होंने कहा कि यहां पर 480 बच्चों की मंजूरी है। उसमें से 439 बच्चे पंजीकृत हैं। उन्होंने टीचरों से कहा कि वह संरक्षक की भूमिका भी अदा करें।
उन्होंने कहा कि यहां अति गरीब परिवारों विशेषकर बंजारा, सपेरा, कंजड़ आदि घुमंतु परिवारों के बच्चों को प्रवेश दिया गया है। यहां 60 प्रतिशत अनुसूचित जाति, 25 प्रतिशत पिछड़ा वर्ग तथा गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले परिवारों को तथा 15 प्रतिशत सामान्य वर्ग के छात्र लिए जाते हैं।
उन्होंने कहा कि नियमित रूप से इन बच्चों के अभिभावकों के साथ भी बैठकें करें। इस आवासीय विद्यालय में घुमंतु जातियों के बच्चों को नई रोशनी मिल रही है और उनका भविष्य बन रहा है।
इस मौके पर जिला समाज कल्याण अधिकारी एनपी गुप्त, प्रधानाचार्य साधव सिंह, आकाश गौतम अधीक्षक आदि ने संस्था के बारे में जानकारी दी। अधिशासी अभियंता विख्यात कुमार यादव ने निर्माण के बारे में बताया। उप जिलाधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
ग्रुप बनाकर दें कुपोषण की रिपोर्ट
इटावा। ‘हर महीने अफसर गोद लिए गांवों का भ्रमण करें और एक वाट्सअप ग्रुप बनाकर निरीक्षण के फोटो भी अनिवार्य रूप से अपलोड करें।’ विकास भवन सभागार में जिला पोषण समिति की हुई बैठक में यह निर्देश डीएम नितिन बंसल ने दिए।
इस मौके पर उन्होंने गांव गोद लेने वाले सभी 58 अधिकारियों से एक-एक कर निरीक्षण की फीड बैक रिपोर्ट ली। उन्होंने कहा कि इसमें किसी तरह की लापरवाही नहीं चलेगी। बैठक में उन्होंने कहा कि राज्य पोषण मिशन के तहत जिलास्तर पर गांवों को गोद लेने वाले अधिकारी चेकलिस्ट पर आख्या भेजें।
साथ ही अति कुपोषित बच्चों का प्रोफाइल बनाकर विशेष ध्यान दें। एनिमिक महिलाओं के लिए विशेष कार्ययोजना बनाकर उस पर अमल भी करें। डीएम ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने कुपोषण पर लगाम कसने के लिए राज्य पोषण मिशन की स्थापना की है।
उन्होंने ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता पोषण समिति को सक्रिय बनाने के निर्देश दिए। बैठक में आंगनबाडी कार्यकत्री, एएनएम और आशा से पोषण और स्वास्थ्य गतिविधियों में प्रगति की समीक्षा करने के भी निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि सभी बाल विकास परियोजना अधिकारी ग्राम स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस की सूचना समय से दें और प्रभारी चिकित्साधिकारी भी माइक्रोप्लान बनाकर सूचित करें।
चेतावनी दी कि बैठकों में अनुपस्थित कर्मचारियों पर कार्रवाई होगी। जिला विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह ने मिशन के बारेे में जानकारी दी। बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी, सभी उप जिलाधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।