UP News: यात्रियों संग अफसरों को धोखा, सरकारी बस स्टैंड के सामने ही खड़ी करके निजी बसें भर रहीं सवारियां
एटा में निजी बस चालक यात्रियों संग अफसरों को धोखा दे रहे हैं। सरकारी बस स्टैंड के सामने ही खड़ी करके सवारियां भरते हैं।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के एटा में फर्जी रोडवेज बसें बंद कराने में अफसर नाकाम हैं। जिला मुख्यालय से फर्रुखाबाद को जाने वाली ऐसी बसें बंद हुईं, तो अब मैनपुरी के लिए शुरू कर दी गई हैं। इनके संचालक लगातार बस स्टैंड के आसपास संचालन कर यात्रियों और अफसरों को धोखा दे रहे हैं।
जिला मुख्यालय पर स्थित बस स्टैंड के आसपास से रोडवेज से मिलते जुलते रंग में रंगी निजी बसों का संचालन किया जाता है। प्रशासनिक लापरवाही के चलते पहले जहां फर्रुखाबाद के लिए इस प्रकार की बसें जाती थी। जब एआरटीओ और परिवहन निगम की ओर से कड़ाई की गई तो इस रूट पर बसें बंद हो गईं। इसके बाद इन बसों के संचालकों ने नया रूट पकड़ लिया है।
फर्रुखाबाद न चलाकर अब एटा से मैनपुरी तक वाया कुरावली बसें चलाई जा रही हैं। स्टैंड के सामने रोडवेज बसों के बीच में ही इनको चालक खड़ा कर लेते हैं। रोडवेज से मिलते रंग को देख यात्री बिना पूछे ही इनमें बैठ जाते हैं। रास्ते में जब टिकट मिलता है, तो पता लगता है कि वह रोडवेज में नहीं बल्कि निजी बस में बैठे हुए हैं।
इन बसों में यात्रा करना हो सकता है खतरनाक
यात्री महेश कुमार ने बताया कि रोडवेज के रंग से मिलती-जुलती इन बसों में अक्सर धोखा खाकर यात्री बैठ जाते हैं। लेकिन इनमें यात्रा करना खतरनाक साबित हो सकता है। इनके कागज व बीमा आदि के बारे में यात्रियों को पता नहीं होता। जब कोई घटना हो जाती है तो पता चलता है की गाड़ी के कागज ही नहीं थे। वहीं रोडवेज बस में यात्रा करने वाले प्रत्येक यात्री का बीमा हो जाता है।