'नरेंद्र मोदी दुनिया के सबसे झूठे व्यक्ति'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांग्रेस प्रत्याशी नूरबानो के लिए हुई जनसभा को संबोधित करते हुए दिग्विजय सिंह ने नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। उन्हें दुनिया का सबसे बड़ा झूठा करार दिया। उन्होंने सपा और भाजपा पर मिलकर चुनाव लड़ने का आरोप भी लगाया। दोनों को दंगा कराने वाली पार्टियां बताया।
शुक्रवार को राष्ट्रीय महासचिव दिग्विजय सिंह मुरादाबाद पहुंचे। बाड़ा शाह सफा में सभा को संबोधित किया। अपने दस मिनट के भाषण में उनके निशाने पर नरेंद्र मोदी का नाम रहा। इस दौरान उन्होंने कहा कि मुरादाबाद की जनता ने 2009 में अजहरुद्दीन को सांसद बनाया। लेकिन हम मानते हैं उन्हें आपकी जितनी खिदमत करनी चाहिए थी उतनी नहीं की।
उन्होंने कहा कि संघ और भाजपा के नेता मुझसे खफा रहते हैं क्योंकि मैं उनसे अच्छा हिंदू हूं। वे धर्म को स्वार्थ के तौर पर प्रयोग करते हैं और मैं सभी को साथ लेकर चलने के लिए। दंगा कराना उनकी राजनीति का हिस्सा है। जिसका कांग्रेस हमेशा से विरोध करती रही है।
मोदी-आजम पर दिग्गी का हमला
दिग्विजय बोले, मैं नरेंद्र मोदी को बहुत करीब से जानता हूं। वे दुनिया के सबसे बड़े झूठे आदमी हैं। अगर झूठ बोलने का ओलंपिक कराया जाए तो उनसे कोई नहीं जीत सकता। उन्हें भारतीय इतिहास, भूगोल और संस्कृति की जानकारी तक नहीं है। चुनावी सभाओं में अपना झूठा ज्ञान दिखाते हैं।
उन्होंने कहा कि अभी तक अपनी शादी के बारे में छिपाते रहे। लेकिन 2014 के चुनाव में अपने हलफनामे में पत्नी का नाम भरा है। इससे पहले जीवन भर झूठ बोलते रहे। जो व्यक्ति अपनी पत्नी का नाम छिपाता रहा उससे महिला के सम्मान की अपेक्षा नहीं की जा सकती।
वे यहीं नहीं रुके, आजम खां का नाम लिए बिना कहा कि पड़ोसी जिले के मंत्री ने कहा कि कारगिल में केवल मुसलमानों ने ही फतह दिलाई। जबकि जंग हिंदू और मुसलमान दोनों ने मिलकर लड़ी थी। भाजपा और सपा पर मिलकर चुनाव लड़ने का आरोप लगाया। कहा कि एक मुसलमान के विरोध में और एक मुसलमान के पक्ष में बात करके आपस में चुनाव लड़ना चाहते हैं जिससे कांग्रेस बीच में लटक जाए। फिरकापरस्तों से सावधान रहें।
पीवी नरसिंहा राव को बनाया दोषी
दिग्विजय सिंह ने कहा कि भाजपा और संघ पूरे देश में सांप्रदायिक लहर चलाना चाहते हैं। 1992 में वे सफल भी रहे थे। कांग्रेस से भी गलतियां हुईं। उस समय के प्रधानमंत्री पीवी नरसिंहा राव ने सख्त कदम नहीं उठाए। नहीं तो उस समय जो हुआ वह नहीं होता। लेकिन कांग्रेस कभी दंगे कराने में भरोसा नहीं करती।
राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि मोदी ने अभी तक हमेशा झूठ हलफनामे दिए हैं। यहां जो वकील बैठे हैं वे बताएं कि झूठे हलफनामा देने पर क्या हो सकता है। वहां बैठे वक्ताओं ने कहा कि इसमें एफआईआर का प्रावधान है। दिग्विजय सिंह ने कहा कि गुजरात में उनकी सरकार है तो वहां उनके खिलाफ कार्रवाई संभव नहीं। आप सभी मुरादाबाद में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएं।
उनसे सवाल पूछा गया कि मुलायम सिंह के बलात्कार के बयान पर उनका का क्या कहना है। जवाब में उन्होंने कहा कि मैं उनके बयान की निंदा करता हूं।