'बीजेपी विचारधारा बदले तो मुस्लिम सोच सकते हैं'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा नेताओं द्वारा मुसलिम समुदाय से माफी मांगने को दारुल उलूम ने सिरे से नकार दिया है।
गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर मुसलिम समुदाय में छवि सुधारने के अभियान के तहत भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने मंगलवार को अपील की थी कि अगर पार्टी की ओर से कभी भी कहीं कोई गलती या कमी हुई है, तो वह उसके लिए सिर झुकाकर माफी मांगने को तैयार हैं।
दंगे को मुजरिमों को सजा दें
वबंदी उलेमा इस बयान से संतुष्ट नहीं हैं। इस्लामी तालीम के सबसे बड़े मरकज दारुल उलूम के मोहतमिम मौलाना अबुल कासिम बनारसी ने केवल इतना ही कहा कि अभी तो चुनाव की शुरुआत है। और न जाने ऐसे कितने बयान आएंगे।
दारुल उलूम वक्फ के वरिष्ठ उस्ताद मुफ्ती आरिफ कासमी ने कहा कि भाजपा यदि अपने किए पर शर्मिंदा है तो पहले वह अपना मैनिफेस्टो (चुनावी घोषणा पत्र) साफ करे।
गुजरात में हुए दंगे को स्वीकार करे। दंगा पीड़ितों को मुआवजा दे और दंगे के मुजरिमों को सजा दे।
'बीजेपी विचारधारा को बदले तो सोच सकते हैं'
तब मुसलमान भाजपा के बारे में सोच सकता है। मुफ्ती आरिफ ने कहा कि भाजपा से कोई जाति दुश्मनी नहीं है, विरोध केवल विचारधारा का है। यदि बीजेपी विचारधारा को बदले तो मुसलिम सोच सकते हैं।
दारुल उलूम वक्फ के उस्ताद मौलाना नसीम अख्तर शाह कैसर ने कहा कि मुसलिमों से माफी मांगने की पहल करना चुनावी स्टंट है। बीजेपी वो दिन भूल गई जब उसने बाबरी मसजिद को शहीद कराया, गुजरात जैसे फसाद कराए और हिंदुस्तान में नफरत का बीज बोया।
ये भाजपा का चुनावी स्टंट
अब वह मुसलमानों को बेवकूफ बनाकर वोट बटोरने के लिए इस तरह के बयान दे रही है। अरबी के प्रसिद्ध विद्वान मौलाना नदीमुलवाजदी ने कहा कि भाजपा नेताओं का कोई यकीन नहीं है, क्योंकि चुनाव नजदीक आते ही वह इस तरह के बयान देने लगते हैं।
उन्होंने कहा कि गुजरात दंगे के दोषी नरेंद्र मोदी को सजा देने के बजाए उन्हें पीएम पद का उम्मीदवार बना दिया। यदि भाजपा अपने किए पर शर्मिंदा है तो नरेंद्र मोदी को पीएम पद से हटाकर माफी मांगे तो सोचा जाएगा।