{"_id":"e4bfea93f2e2fdc30f123045736df99c","slug":"decoity-in-sampark-kranti","type":"story","status":"publish","title_hn":"संपर्क क्रांति में डाका, 54 यात्रियों को लूटा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
संपर्क क्रांति में डाका, 54 यात्रियों को लूटा
अमर उजाला, कानपुर
Updated Fri, 22 Nov 2013 08:28 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भुवनेश्वर से नई दिल्ली जा रही 2819 उड़ीसा संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के स्लीपर कोचों में बुधवार देर रात हथियारबंद लुटेरों ने धावा बोलकर 54 यात्रियों से नगदी, कीमती जेवरात, मोबाइल और अन्य सामान लूट लिया। विरोध करने पर कई यात्रियों को डंडों से पीटा और एक को चाकू मारकर घायल कर दिया। एक महिला को बदसुलूकी करते हुए सीट से उठाकर टॉयलेट के पास ले जाकर पटक दिया। इसके बाद उसके कान से बुंदे, चेन तोड़ी और जेवर से भरा पर्स छीन लिया।
विज्ञापन
करीब पौन घंटे तक लूटपाट करने के बाद बदमाश ट्रेन के स्लो होने पर कूदकर भाग निकले। इतनी देर तक स्लीपर कोचों में लूटपाट होती रही पर न तो ट्रेन एस्कार्ट का सिपाही पहुंचा और न ही कोच कंडक्टर।
विज्ञापन
इलाहाबाद में यात्रियों ने टीटीई को सूचना दी लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद कंट्रोल के जरिए कानपुर सेंट्रल पर जानकारी दी गई। सेंट्रल स्टेशन पर गुरुवार शाम 5 बजे ट्रेन आई तो जीआरपी, आरपीएफ और टीसी दल ने रोते-बिलखते यात्रियों के बयान दर्ज किए और एफआईआर दर्ज करके संबधित थाने को भेज दी। वारदात झारखंड में हुई।
विज्ञापन
लुटे यात्री कटक निवासी अनामिका ने सेंट्रल स्टेशन पर पुलिस को बताया कि बुधवार रात लगभग दो बजे एस-7 कोच के अधिकतर यात्री सो रहे थे। तभी पांच युवक अंधेरे में आकर सामान उठाने लगे। लाइट जलाकर देखा तो सभी के हाथों में चाकू और डंडे थे।
बदमाशों ने चुप रहने की धमकी दी और बैग, पर्स और मोबाइल छीन लिया। इसके बाद आगे बढ़ते गए। लगभग आधे घंटे तक इस कोच में लूटपाट के बाद लुटेरे एस-5 कोच में गए और कटक से दिल्ली जा रहीं राधिका, सुनैना, बंशी, रामजी, बिस्सू सहित 28 यात्रियों के साथ लूटपाट की।
विरोध करने पर कालकाजीपुरम कालोनी, दिल्ली निवासी राजेश को चाकू मारकर घायल कर दिया। अकबरपुर कानपुर देहात निवासी सर्वेश्वर राउत अपनी पत्नी प्रभावती के साथ एस-7 कोच की सीट 48 पर सफर कर रहे थे। बदमाशों ने प्रभावती को उठाकर टॉयलेट के पास ले जाकर पटका और गहने और अन्य सामान लूट लिया। सर्वेश्वर राउत जैतपुर स्थित स्पर्श इंडिस्ट्रयल प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में प्रबंधक हैं।
कुल 54 यात्रियों से बदमाश लाखों रुपये कीमत के जेवर, नकदी, मोबाइल आदि लूटे और गोमो स्टेशन के पास ट्रेन धीमी होने पर कूदकर भाग गए। कानपुर सेंट्रल पर सीआईटी स्टेशन वीएन पारित, आरपीएफ के सभाशंकर द्विवेदी, अजय, देवेंद्र पांडे, जीआरपी प्रभारी त्रिपुरारी पांडे ने यात्रियों से पूछताछ के बाद एफआईआर दर्ज करके धनबाद को ट्रांसफर कर दी। मामले की रिपोर्ट रेलवे कंट्रोल को भेजी गई है। बता दें कि भुवनेश्वर से दिल्ली जाने वाली उड़ीसा संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में मुगलसराय से दिल्ली तक कोई एस्कार्ट नहीं जाती है।
वारदात-दर-वारदात
तिथि---------------ट्रेन--------------------------घटना
15 मई 2013---महाबोधि एक्सप्रेस----------जनरल कोच में महिला समेत 13 को लूटा, एक गिरफ्तार
16 जुलाई 2013-----विक्रमशिला-------------जनरल कोच में लूट, मामला विचाराधीन
13 सितंबर 2013---------जोगबनी में लूट----नेपाली यात्री को गोली मार माल नगदी लूटी, जांच जारी
19 नवंबर- मगध में सिपाहियों ने यात्रियों को लूटा, जांच जारी
19 नवंबर- जनसाधारण में डाका, जांच जारी