मुजफ्फरनगर में फिर हिंसा, बारात पर हमला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पलड़ी गांव में बुधवार को एक शादी समारोह में चढ़त के दौरान दूसरे समुदाय के लोगों ने पथराव कर दिया। जिसमें कई लोग घायल हो गए। आरोप है कि इस दौरान कई राउंड फायरिंग भी की गई। अचानक हुई घटना से बारात में भगदड़ मच गई।
बारातियों और बैंडबाजे वालों ने भाग कर अपनी जान बचाई। गांव में तनाव फैल गया। पुलिस ने मौके पर जाकर स्थिति को संभाला। डीएम और एसएसपी ने गांव में पहुंच कर घटना की जानकारी ली। देर रात पुलिस की मौजूदगी में दुल्हन की विदाई हुई।
धर्मस्थल के सामने से बारात ले जाने का विरोध
तनाव के चलते एक समुदाय के लोग भूमिगत हो गए हैं। गांव में पीएसी के साथ भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया है। खतौली कोतवाली क्षेत्र के गांव पलड़ी में बुधवार को दीपचंद उपाध्याय की बेटी की शादी थी।
खतौली भूड़ क्षेत्र के अद्वैत विहार निवासी दुल्हा भूपेंद्र कुमार उपाध्याय बारात लेकर गया था।
दोपहर करीब साढ़े तीन बजे तक सब ठीक चल रहा था। चढ़त के दौरान जब बारात लड़की पक्ष के मकान के निकट एक धर्म स्थल के सामने पहुंची तो दूसरे समुदाय के कुछ लोगों ने बारात ले जाने का विरोध किया, जिसको लेकर कहासुनी हो गई।
जमकर फायरिंग की गई
आरोप है कि इसी दौरान मकानों से बारात पर पथराव शुरू हो गया। इस बीच कई राउंड हवाई फायरिंग भी की गई। हमले से बारातियों में भगदड़ मच गई, लोग जान बचा कर जंगल की ओर भाग खडे़ हुए।
पथराव में लड़की पक्ष का रिश्तेदार भोपा के गांव रेहकड़ा निवासी अरूण पुत्र शिव कुमार, पलड़ी निवासी मोहित पुत्र जगबीर, सुखबीरी, रोहन, सचिन, प्रदीप, शिव कुमार आदि घायल हो गए। ग्रामीणों ने घायलों की संख्या बीस से अधिक बताई है।
इलाके में फोर्स तैनात
उनका कहना है कि काफी बाराती और बैंड वाले पथराव में घायल हुए हैं । इस घटना से गांव में तनाव की स्थिति बन गई। खबर मिलने पर इंस्पेक्टर खतौली गजेंद्र सिंह ने फोर्स समेत गांव पहुंच कर स्थिति को संभाला।
इसी दौरान आरोपी हमलावर फरार हो गए। बाद में डीएम कौशल राज शर्मा, एसएसपी हरिनारायण सिंह कई थानों की फोर्स लेकर गांव में पहुंचे । देर रात को दुल्हन के चाचा विनोद कुमार की ओर से घटना की तहरीर दी गई है।