{"_id":"0524d7014590d3d51c6122ac84075fde","slug":"cm-akhilesh-yadav-rampur-visit","type":"story","status":"publish","title_hn":"रामपुर: अखिलेश ने खजाने का मुंह खोला","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
रामपुर: अखिलेश ने खजाने का मुंह खोला
अमर उजाला, रामपुर
Updated Sun, 20 Oct 2013 01:06 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश की सपा सरकार ने एक बार फिर रामपुर के लिए खजाने का मुंह खोल दिया है। प्रदेश के मुख्यमंत्री ने रामपुर में प्राइमरी कैंसर केयर सेंटर, जिला अस्पताल को 300 बेड का सुपर स्पेशियलिटी की सुविधा युक्त बनाने, रामपुर शहर की सड़कों के लिए 100 करोड़ रुपये देने के साथ-साथ विकास कार्यों से संबंधित अन्य कई घोषणाएं की। सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने सभी घोषणाओं पर एक माह के अंदर काम शुरू कर देने का सुझाव दिया।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव शनिवार को मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी में लैपटॉप वितरण समारोह में शिरकत करने पहुंचे थे। इस मौके पर नगर विकास मंत्री आजम खां ने मुख्यमंत्री के समक्ष कुछ मांग रखी, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार कर लिया।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके अतिरिक्त जो भी जरूरत पड़ेगी, उसे पूरा किया जाएगा। प्रदेश में जब-जब भी सपा की सरकार बनी है, रामपुर ने जो कुछ मांगा है, मिला है। कुछ अधिकारी काम रोकने की कोशिश करते हैं लेकिन वो भी सरकार का हिस्सा है। इसका भी हल निकाला जाएगा।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमित संसाधनों के बाद भी सपा सरकार ने अपने सभी वादे पूरे किए हैं। इसमें किसी के साथ भेदभाव नहीं किया गया है। चाहे कन्या विद्या धन की योजना हो, बेरोजगारी भत्ता या फिर लैपटॉप वितरण किसी में भी कोई भेदभाव नहीं किया गया है।
इस मौके पर सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने कहा कि आज जो भी घोषणाएं हुई हैं, उन पर अमल एक माह के अंदर शुरू हो जाए। नहीं तो जनता का विश्वास उठ जाएगा। जनता का विश्वास बना रहेगा तो आपकी सरकार दोबारा बन जाएगी और हमारी भी दिल्ली में (लोकसभा चुनाव में) थोड़ी सी मदद हो जाएगी।
इस अवसर पर रामपुर के प्रभारी मंत्री मूलचंद चौहान, माध्यमिक शिक्षा मंत्री विजय पाल, माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री विनोद कुमार उर्फ पंडित सिंह सहित कई विधायक व अधिकारी मौजूद रहे।