चित्रकूट/खोही। पांच दिवसीय दीपदान मेला में देश के कई प्रदेशों से लाखों श्रद्धालु धर्मनगरी पहुंच चुके हैं। जिसमें हजारों श्रद्धालु निजी साधन से आए और मंदाकिनी स्नान कर पूजन व दीपदान कर घर भी लौट गए। अन्य श्रद्धालुओं ने स्थानीय होटलों, लॉज , धर्मशाला व मठ मंदिरों के परिसर में पड़ाव डाल लिया है। रामघाट सहित अन्य तीर्थ स्थानों का दर्शन कर रहे है। मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओकी भीड़ जमा हो चुकी है। जिले के अलावा आसपास के छह जिलों की पुलिस फोर्स भी सुरक्षा के लिए अपनी डयूटी में पहुंचने लगी है।
पांच दिवसीय दीपदान मेला में कोरोना काल के बाद भी देश के महाराष्ट्र, गुजरात,बिहार राजस्थान, छत्तीसगढ़, उड़ीसा, मध्य प्रदेश सहित अन्य स्थानों से श्रद्धालु धर्मनगरी पहुंचने लगे हैं। जिससे धर्मनगरी क्षेत्र में कई प्रदेशों की संस्कृति एक ही स्थान में देखने को मिलने लगी है। रामघाट पहुंचकर कई श्रद्धालुओं ने मंदाकिनी नदी में स्नान कर पूजा पाठ किया।