बरगढ़ (चित्रकूट)। थाना क्षेत्र की सीमा स्थित मुरका बार्डर पर एक अज्ञात युवक की गला रेतकर हत्या कर शव फेंक दिया गया। शुक्रवार की सुबह कुछ ग्रामीणों ने शव देखा तो क्षेत्र में हड़कंप मच गया। चित्रकूट व प्रयागराज जिले का बार्डर का मामला होने पर बरगढ़ व शंकरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंचकर घटना की जांच पड़ताल कर रही है।
शुक्रवार को जिले के मुरका बार्डर के एक खेत किनारे अज्ञात पुरुष लगभग 40 वर्ष का शव मिला। ग्रामीणों की सूचना पर जिले की बरगढ़ पुलिस व प्रयागराज जिले के शंकरगढ़ थाना की पुलिस पहुंची। बताया जाता है कि युवक को किसी धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या की गई है। शव प्रयागराज जिले की सीमा में पड़ा मिला है। जिससे इस क्षेत्र में हत्या कर शव को बार्डर सीमा में फेंकने की आशंका जताई जा रही है। थानाध्यक्ष मान सिंह ने बताया कि शव प्रयागराज के जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र में पड़ा मिला है। फिलहाल शंकरगढ़ पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। बरगढ़ थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक के गले में कटने का निशान था जिससे लगता है कि हत्या कर शव फेंका गया है। हत्यारों ने बेहद चालाकी से सीमा क्षेत्र बदलने का प्रयास किया है। मृतक की शिनाख्त का प्रयास कराया जा रहा है।