चहनिया विकास खंड के टांडाकला के अगस्तीपुर चौराहे (चट्टी) पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से नाराज ग्रामीणों ने शुक्रवार को होकर प्रदर्शन किया। इस मौके पर लोगों ने जिला प्रशासन के खिलाफ खूब नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि अगस्तीपुर चौराहे पर वर्षों से सीवर नाली का निर्माण नहीं कराया गया है। इसके चलते घरों और दुकानों का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। मुख्य मार्ग गहरे गड्ढे बन गए हैं। चौराहे से प्रतिदिन हजारों स्कूली बच्चे, कोचिंग छात्र और राहगीर गुजरते हैं। मजिदहा बाजार और जिला मुख्यालय को जोड़ने वाला यह मुख्य मार्ग पर दिनभर आवाजाही रहती है। जलभराव के कारण आए दिन राहगीर और साइकिल सवार गिरकर चोटिल हो रहे हैं। कीचड़ की वजह से ठेला-खुमचा लगाने वालों की दुकानदारी ठप हो गई है। तेज रफ्तार चार पहिया वाहनों के गुजरने पर गंदा पानी दुकानों और घरों के भीतर तक चला जाता है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सीवर नाली का निर्माण और सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई, तो वे चक्का जाम और उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस मौके पर महेंद्र, लक्ष्मी, अनीता, उर्मिला, राजकुमार, गोविंदा,प्रदुम कुमार, संतोष सोनकर, राजू कनौजिया मौजूद रहे।