UP Chunav 2022: चंदौली में अमित शाह बोले- 5 चरणों में हो गया सपा-बसपा का सूपड़ा साफ, अब 300 पार कराएं आप
चंदौली के बलुआ में जनसभा को संबोधित करते हुए गृहमंत्री अमित शाह ने समाजवादी पार्टी समेत विपक्ष पर हमला बोला।
विस्तार
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव के पांच चरणों में ही सपा और बसपा का सूपड़ा साफ हो गया है। भाजपा को बहुमत मिल चुका है। छठवें और सातवें चरण में बस आपको 300 पार कराना है।
गृहमंत्री चंदौली के बलुआ स्थित वाल्मीकि इंटर कॉलेज में आयोजित जनसभा में बोल रहे थे। अमित शाह ने कहा कि योगी सरकार में उत्तर प्रदेश गन्ना, दूध, चीनी, आलू, हरी मटर में पूरे देश में नंबर वन है। वहीं अखिलेश की सरकार में हत्या, फिरौती, बलात्कार, महिलाओं के साथ अत्याचार में नंबर वन था।
अखिलेश यादव पूछ रहे हम लोगों से सवाल
अखिलेश बाबू हमसे सवाल पूछ रहे हैं कि क्या किया। हमसे हिसाब मांग रहे हैं। वे यूपी में 10 मेडिकल कॉलेज छोड़कर गए थे। हमने 40 मेडिकल कॉलेज बनाए। आजमगढ़, गोरखपुर, बलिया में विश्वविद्यालय, 56 इंजीनियरिंग कॉलेज, 52 नर्सिंग कॉलेज बनाए। वे क्या हमारा हिसाब मांगेंगे।
कहा कि इन पांच सालों में योगी आदित्यनाथ ने यूपी को माफियाओं से मुक्त कर दिया है। सभी जेल में हैं। अगर आपलोगों ने गलती से साइकिल की सवारी की तो वे जेल से निकल जाएंगे, अगर उन्हें जेल में ही रखना है तो भाजपा को वोट दें।
कहा कि सपा, बसपा और कांग्रेस बस गरीबों से वोट लेती है गरीबों का काम नहीं करती। उनको बस गरीबों से वोट का ही मोह है। अमित शाह ने कहा कि इस बार भाजपा की सरकार बना दो पूरे पांच साल तक किसानों को फ्री में बिजली मिलेगी।