Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Chandauli News ›   Twenty-nine Diwalis have passed in Chandauli, yet the darkness remains on its four main entry routes.

Chandauli News: चंदौली की 29 दीपावली बीतीं, फिर भी चार प्रमुख प्रवेश मार्गों से नहीं मिटा अंधेरा

Wed, 04 Nov 2026 01:58 AM IST
Varanasi Bureau वाराणसी ब्यूरो
Updated Wed, 04 Nov 2026 01:58 AM IST
विज्ञापन
Twenty-nine Diwalis have passed in Chandauli, yet the darkness remains on its four main entry routes.
पीडीडीयू नगर-पड़ाव मार्ग पर छाया अंधेरा। संवाद
पीडीडीयू नगर। वाराणसी से अलग होकर चंदौली को जिला बने 29 साल हो गए, लेकिन प्रमुख प्रवेश मार्गों की तस्वीर आज तक नहीं बदली। जिले में प्रवेश करते ही बेहतर सड़क और रोशनी की उम्मीद करने वाले राहगीरों को रात होते ही अंधेरे से जूझना पड़ता है। अंधेरे और तेज रफ्तार की वजह से हादसे होते हैं। इससे कई लोगों की जान भी जा चुकी है।
विज्ञापन

पड़ाव-पीडीडीयू नगर, ककरैत-तलासपुर, इलिया-बिहार और जमानिया-चंदौली मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था की बदहाली विकास के दावों की पोल खोल रही है। कहीं करोड़ों की लागत से बनी चौड़ी सड़क पर खंभे और लाइटें लगने के एक साल बाद भी रोशनी नहीं हुई तो कहीं वर्ष 2015 में लगाई गई हाईमास्ट लाइट एक साल से अधिक समय से खराब है। इलिया में यूपी-बिहार को जोड़ने वाला मार्ग पांच साल से जर्जर है और यहां प्रकाश व्यवस्था भी नदारद है। संवाद
विज्ञापन


केस-1
रोज गुजरते हैं 1200 ट्रक समेत 10 हजार से ज्यादा वाहन
जिले के सबसे प्रमुख पड़ाव-पीडीडीयू नगर मार्ग पर सिक्सलेन निर्माण के बावजूद रात का अंधेरा दूर नहीं हुआ। करीब आठ किलोमीटर लंबे मार्ग पर एक साल पहले बिजली के खंभे और लाइटें लगा दी गईं थीं, लेकिन अब तक उन्हें चालू नहीं किया जा सका है। वाराणसी से चंदौली आने का यह प्रमुख रास्ता है। इस पर 24 घंटे वाहनों की आवाजाही रहती है। आंकड़ों के अनुसार, इस मार्ग से प्रतिदिन करीब 1200 ट्रक, चार हजार दोपहिया और पांच हजार चार पहिया वाहन गुजरते हैं। यानी रोजाना 10 हजार से ज्यादा वाहनों का दबाव रहता है। पिछले 20 दिनों में यहां 10 से ज्यादा छुट्टा पशुओं की मौत हो चुकी है। वहीं, करीब तीन महीने पहले अंधेरे के कारण एक युवक की भी जान जा चुकी है।
विज्ञापन
विज्ञापन


केस-2
ककरैत और तलासपुर प्रवेश द्वार पर भी नहीं रोशनी
यूपी-बिहार और गाजीपुर-चंदौली को जोड़ने वाले ककरैत और तलासपुर प्रवेश मार्गों पर भी प्रकाश की व्यवस्था बदहाल है। ककरैत में वर्ष 2015 में लगाई गई हाईमास्ट लाइट एक साल से खराब है। दुर्गावती-ककरैत का नौ किलोमीटर और जमानिया-ककरैत का आठ किलोमीटर लंबा मार्ग दोनों राज्यों और जिलों के बीच आवागमन का प्रमुख रास्ता है। इन मार्गों से रोज 500 से ज्यादा वाहन गुजरते हैं। रात में रोशनी नहीं होने से वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ती है। वहीं, जमानिया-चंदौली मार्ग पर भी पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने से रात का सफर जोखिम भरा बना हुआ है।

केस-3
इलिया में पांच साल से सड़क बदहाल, रोशनी भी नहीं
यूपी-बिहार को जोड़ने वाला इलिया कस्बे से हाटा होते हुए मालदह गांव तक करीब एक किलोमीटर लंबा मार्ग पांच वर्षों से जर्जर है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने से दिन में भी वाहन चालकों को संभलकर गुजरना पड़ता है। रात में प्रकाश व्यवस्था नहीं होने से गड्ढों का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को सबसे अधिक परेशानी होती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद सड़क की मरम्मत और रोशनी के इंतजाम नहीं किए गए।

इनसेट
अंधेरे और तेज रफ्तार ने ली पांच की जान, कई घायल
---------------------------------------
- 31 दिसंबर 2025 को अंधेरे और तेज रफ्तार के कारण पड़ाव पर स्कॉर्पियो ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई।
- 20 जनवरी 2025 को पीडीडीयू जंक्शन से ड्यूटी कर लौटते समय अंधेरे में ट्रक दिखाई नहीं देने से बाइक सवार दो होमगार्ड की मौत हो गई। मृतकों में वाराणसी के जाल्हूपुर निवासी सुरेश विश्वकर्मा (45) और रामनारायण पांडेय (44) शामिल थे।
- 13 जनवरी 2026 को लोहरा गांव निवासी हिमांशु पाल (22) रात में बाइक से पड़ाव से मुगलसराय की ओर जा रहे थे। अंधेरे में उनकी बाइक सांड से टकरा गई, जिससे उनकी मौत हो गई।
- 8 अक्टूबर 2026 को पीडीडीयू नगर में जीटी रोड पर अंधेरे में स्कॉर्पियो ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। इससे उसके पैर में गंभीर फ्रैक्चर हो गया।
- 9 अक्टूबर 2026 को मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के भोजपुर के पास बाइक सवार ने एक राहगीर को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

ग्रामीण बोले-
------------
- ककरैत यूपी और बिहार को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। दुर्गावती-ककरैत और जमानिया-ककरैत मार्ग पर दिन-रात वाहनों की आवाजाही होती है। इसके बावजूद हाईमास्ट लाइट खराब होने से रात में अंधेरा पसरा रहता है। इससे राहगीरों को परेशानी होती है। - सतीश राय, ककरैत
- वर्ष 2015 में लगाई गई हाईमास्ट लाइट एक साल से खराब है। प्रकाश की व्यवस्था नहीं होना चिंता का विषय है। जिला प्रशासन को तत्काल संज्ञान लेकर लाइट की मरम्मत करानी चाहिए, ताकि लोगों को रात में आवागमन में परेशानी न हो। - अजय पांडेय, बीडीसी, ककरैत
- पड़ाव-पीडीडीयू नगर सिक्सलेन बनने के एक साल बाद भी सड़क किनारे लगी लाइटें नहीं जल रही हैं। रात में अंधेरे के कारण छुट्टा पशु दिखाई नहीं देते। अचानक सामने पशु आ जाने से लोग हादसों का शिकार हो रहे हैं। - रॉयल सिंह, आलमपुर

- पड़ाव-पीडीडीयू नगर जिले का सबसे व्यस्त मार्ग है। रात-दिन हजारों वाहन गुजरते हैं, लेकिन शाम होते ही अंधेरा छा जाता है। सड़क चौड़ी हो गई, खंभे और लाइटें भी लग गईं, लेकिन रोशनी नहीं मिली। अंधेरे में राहगीरों को सबसे ज्यादा खतरा रहता है। - मुन्ना यादव, हृदयपुर

कोट-
------
पड़ाव-पीडीडीयू नगर मार्ग का जो क्षेत्र नगर पालिका क्षेत्र में आता है, वहां बिजली के कनेक्शन के लिए विद्युत निगम को 50 लाख रुपये दे दिए गए हैं। नगरीय क्षेत्र में एक हफ्ते के अंदर प्रकाश की व्यवस्था शुरू हो जाएगी। वहीं, जो हिस्सा ग्रामीण क्षेत्र में पड़ता है, वहां कनेक्शन का काम जिला पंचायत से कराया जाना है। इसकी भी प्रक्रिया चल रही है। - राजेश कुमार, एक्सईएन, लोक निर्माण विभाग

पीडीडीयू नगर-पड़ाव मार्ग पर छाया अंधेरा। संवाद

पीडीडीयू नगर-पड़ाव मार्ग पर छाया अंधेरा। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed