Chandauli News: बदहवास व अर्धनग्न अवस्था में मिली युवती की नहीं हो सकी शिनाख्त, घटना बनी रहस्य
चंदौली के कोरडिया गांव में शनिवार सुबह खेत में एक युवती बदहवास और अर्धनग्न हाल में तिरपाल में लिपटी मिली थी। युवती कुछ बताने में असमर्थ है। उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
विस्तार
चंदौली के कोरड़िया गांव में बदहवास व अर्धनग्न अवस्था में खेत में मिली युवती की पहचान 48 घंटे बाद भी नहीं हो सकी है। इससे युवती के साथ हुई घटना का रहस्य बना हुआ है। जिला अस्पताल में भर्ती युवती कुछ भी बताने में असमर्थ है। उसे अद्ध विक्षिप्त मानकर पुलिस उसे मेंटल हास्पिटल में भर्ती कराने की तैयारी कर रही है।
कोरडिया गांव में शनिवार को खेत में एक युवती बदहवास और अर्धनग्न हाल में तिरपाल में लिपटी मिली थी। वहां जुटे ग्रामीणों ने उसके साथ दुष्कर्म की आशंका जताते हुए पुलिस को घटना से अवगत कराया था। इससे पुलिस महकमें में खलबली मच गई थी।
आनन-फानन सीओ रामवीर और कोतवाल संतोष सिंह ने मौके पर पहुंचकर अचेतावस्था में युवती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। अस्पताल में जांच में युवती के शरीर पर एक फ्रेश इंजरी और एक खरोंच के निशान मिले थे। चिकित्सकों ने इंटरनल जांच के लिए युवती को गाइनेकोलॉजी में रेफर दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल, अपर पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने भी जिला अस्पताल पहुंचकर जानकारी ली थी।
काफी प्रयास के बाद भी उसकी पहचान नहीं हो सकी। साथ ही घटना की सच्चाई भी सामने नहीं आयी। हालांकि पुलिस कार्रवाई में जुटी हुई है। इस संबंध में कोतवाल संतोष सिंह ने बताया कि उक्त युवती अर्द्ध विक्षिप्त है। इसलिए कुछ भी नहीं बता पा रही है। उसकी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही उसके मानसिक इलाज के लिए मेंटल अस्पताल में इलाज कराने की तैयारी की जा रही है।