Chandauli News: छात्रों ने प्रदर्शन कर मांगा इलाज, इ से इस्तीफा, ला से लाठीचार्ज पर कार्रवाई, ज से जवाबदेही
Chandauli News: चंदौली में युवाओं ने केंद्रीय शिक्षामंत्री का इस्तीफा, पेपर लीक के दोषियों पर सख्त कार्रवाई और मृत छात्रों के परिजनों को मुआवजा देने की मांग करते हुए प्रदर्शन किया।
विस्तार
पं दीनदयाल उपाध्याय नगर में छात्र नेता अंकित यादव के नेतृत्व में सैकड़ों छात्र अलीनगर के सकलडीहा मोड़ पर एकत्र हुए। यहां से नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला और चकिया चौराहे पहुंचकर एसडीएम राजीव मोहन सक्सेना को ज्ञापन सौंपा। छात्रों ने पोस्टर फहरा कर इलाज मांगा।
इलाज का अर्थ है, इ से इस्तीफा, ला से लाठीचार्ज पर कार्रवाई और ज से जवाब देही। इस दौरान सीओ अरुण कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। छात्रों ने कहा कि पेपर लीक की घटनाएं लगातार हो रही हैं। इससे लाखों छात्रों का भविष्य खतरे में है। पेपर लीक के कारण मेहनती छात्रों के साथ अन्याय हो रहा है। सरकार को तत्काल सख्त कदम उठाकर दोषियों को कड़ी सजा देनी चाहिए और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता लानी चाहिए।

छात्रों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन तेज किया जाएगा। इस मौके पर सुरक्षा के मद्देनजर पीडीडीयू नगर और अलीनगर थाने की फोर्स मौजूद रही। इसी तरह चकिया में भी छात्रों ने प्रदर्शन किया। आदित्य नारायण राजकीय इंटर कॉलेज के खेल मैदान पर युवाओं और छात्रों ने सभा की।
वक्ताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी मांगों को शांति के साथ से उठाना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है। उन्होंने दिल्ली में आंदोलन कर रहे युवाओं की मांगों पर गंभीरता से विचार करने और उचित समाधान निकालने की मांग की। इसके बाद तहसील परिसर पहुंचकर प्रभारी एसडीएम विनय कुमार मिश्र को राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान सीओ अजीत चौहान के नेतृत्व में पुलिस और पीएसी तैनात रही। प्रदर्शन में शैलेश कुमार, एस. कुमार, रोहित, राहुल कुमार, पंकज तिवारी राहुल संतोष आदि शामिल रहे। उधर, चहनिया में पुलिस सतर्क रही। विरोध प्रदर्शन की संभावना को देखते हुए बलुआ थाना क्षेत्र के चहनिया स्थित मां खंडवारी पीजी कॉलेज के बाहर शुक्रवार को कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात रही।