रफ्तार का कहरः चंदौली में सड़क हादसा, दो लोगों की दर्दनाक मौत, बाइक के उड़े परखच्चे
चंदौली जिले में रविवार को रफ्तार का कहर नजर आय़ा। कुर्थीया के पास दो तेज रफ्तार दो बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हुई। दोनों बाइक चालकों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर से दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में कुर्थीया गांव के समीप रविवार की शाम तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक वृद्ध गंभीर रूप से जख्मी हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहीं दोनों युवकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शहाबगंज थाना के भुसीकृत पुरवा गांव निवासी कालेंद्र (25) पुत्र चंद्रिका प्रजापति वाराणसी में मजदूरी करता था। रविवार की शाम वह बाइक से वाराणसी जा रहा था। उसकी बाइक पर बबुरी थाने के धरदे निवासी सोहन बिंद (58) पुत्र जगन्ननाथ सवार थे। वहीं मिर्जापुर जिले के जमालपुर थाना अंतर्गत सहजनी गांव निवासी इंद्रदेव (25) पुत्र कपिलदेव मौर्य एक बाइक से इलिया की तरफ जा रहा था।
दोनों बाइक तेज रफ्तार में चला रहे थे। कुर्थिया गांव के समीप दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस घटना में कालेंद्र, इंद्रदेव और सोहन बिंद गंभीर रूप से जख्मी हो गए। लोगों की सूचना पर थाना इंचार्ज सत्येन्द्र विक्रम सिंह दल बल के साथ पहुंचे और तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया।
यहां चिकित्सकों ने इंद्रदेव और कालेन्द्र को मृत घोषित कर दिया। कालेन्द्र की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। कालेंद्र बड़ी बहन के बाद तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। अभी उसकी शादी नहीं हुई थी।
उसकी मौत से माता सीता देवी, पिता चंद्रिका, बहन सहित अन्य भाइयों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया। परिवार वालों को ढांढस बंधाने वाले भी खुद को रोने से नहीं रोक सके। जवान बेटे को कंधा देने की मजबूरी में पिता चंद्रिका बार बार अचेतावस्था में पहुंच जा रहे थे।