चंदौली में हादसा: सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुस गई बाइक, सेना के जवान समेत दो लोगों की मौत
चंदौली जिले के तियरा गांव के पास शुक्रवार शाम सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली में बाइक घुस गई। बाइक पर सवार तीन लोगों में से दो की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में से एक वर्तमान प्रधान पति और सेना का जवान है।
विस्तार
चंदौली-चकिया-मार्ग पर तियरा गांव के पास शुक्रवार शाम सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली में बाइक घुसने से दो बाइक सवारों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हादसे में एक व्यक्ति घायल हो गया। मृतकों में से एक सेना का जवान है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया।
लटांव गांव के वर्तमान प्रधान पति और सेना के जवान पवन (35) अवकाश पर हाल ही में घर आए थे। शुक्रवार शाम बाइक से अपने साथी प्रवीण उर्फ टाइगर (34) के साथ शहाबगंज बाजार गए। वापसी में गांव निवासी रंजीत उर्फ लड्डू (30) को भी बाइक पर बैठा लिया।
बोलेरो से बचने की कोशिश में हादसा
तियरा गांव के पास पहुंचे कि सामने से आ रही बोलरो से बचने की कोशिश में बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी। मौके पर ही सेना के जवान पवन और टाइगर की मौत हो गई। वहीं रंजीत गंभीर रूप से घायल हो गया।
पूरे गांव में शोक की लहर
घटना की सूचना पर थाना प्रभारी मनोज कुमार मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लिया। थोड़ी देर बाद अपर पुलिस अधीक्षक सुखराम भारती भी घटना स्थल पर पहुंचे और जायजा लिया। हादसे की सूचना के बाद परिजनों में कोहराम मचा है। पूरे गांव में शोक की लहर है।
पढ़ेंः अंधाधुंध फायरिंग से दहला चंदौली: पुरानी रंजिश में चली ताबड़तोड़ गोलियां, घटना सीसीटीवी में कैद