सकलडीहा। कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए आशा कार्यकत्रियों को प्रवासियों के आने की सूचना देने का निर्देश दिया गया है। पिछले दिनों बसनी गांव के एक प्रवासी ने अपने आने की सूचना देने पर आशा कार्यकत्री की पिटाई कर दी। इसकी शिकायत के बाद भी पुलिस आरोपी को पकड़ने में आना कानी कर रही है। इससे नाराज होकर आशा कार्यकत्रियों ने सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंच कर एक घंटे तक विरोध प्रदर्शन किया। सीएचसी अधीक्षक ने उच्चाधिकारियों को जानकारी देते हुए कार्रवाई का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया।
कोरोना वायरस के संक्रमण और रोकथाम के लिए सभी आशा संगिनी को प्रवासीयों के ट्रैकिंग का निर्देश दिया यगा है। बसनी उपकेंद्र के गंजख्वाजा पर तैनात मंसूरा देवी ने गांव के एक युवक को जांच कराने की सूचना दी थी। इससे नाराज युवक ने 19 जुलाई को आशा कार्यकर्ता को मारपीट कर जख्मी कर दिया। घटना की सूचना संबंधित पुलिस चौकी को दी लेकिन कार्रवाई के बजाय टालमटोल और समझौता करने का प्रयास किया जा रहा है। इससे आक्रोशित आशा कार्यकत्री संघ ने पुलिस के दुर्व्यवहार और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर सीएचसी पर प्रदर्शन किया। चेताया की शीध्र कार्रवाई नही होने पर जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करेंगी। विरोध प्रदर्शन में मंसूरा देवी, आशा सिंह, सीमा पांडेय, साजन, चिंता सिंह, सीमा शर्मा, रेशमा, रीना, अर्चना पाल, सविता, मानकी, सीमा राय, गीता, बिंदू देवी रहे।