मौनी अमावस्या : PDDU जंक्शन पर उमड़ी स्थानार्थियों की भीड़, सुरक्षा आयुक्त ने संभाली कमान, पैरामिलिट्री तैनात
प्रयागराज से आने वाली ट्रेनों से भी स्नानार्थी भर-भर कर पहुंच रहे हैं। यहां से पटना और गया रूट की ट्रेनों में यात्रियों को सुरक्षित सवार कराना टेढ़ी खीर साबित हो रही है।
विस्तार
Mauni Amavasya : प्रयागराज महाकुंभ में सबसे महत्वपूर्ण मौनी अमावस्या पर अमृत स्नान के लिए दो दिन पहले स्नानार्थियों की भीड़ पीडीडीयू जंक्शन पर उमड़ने लगी है। सोमवार को भी पीडीडीयू जंक्शन पर 50 से अधिक भीड़ उमड़ी। भीड़ को संभालने में आरपीएफ, जीआरपी और वाणिज्य विभाग के अधिकारियों के पसीने छूटे।
यात्रियों की भीड़ को संभालने के लिए वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त जेतिन बी राज ने स्वयं संभाल ली है। वहीं मंडल रेल प्रबंधक पल पल की निगाह रखे हुए हैं। यही नहीं जोनल अधिकारियों की भी निगाह जुटी है।
माघ माह में अमावस्या तिथि को स्नान का अत्यधिक महत्व है। प्रयागराज महाकुंभ में मौनी अमावस्या पर प्रयागराज में दस करोड़ लोगों के पहुंचने का अनुमान है। इसकी बानगी पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर दिख रही है। रविवार से ही स्टेशन पर अप और डाउन की ट्रेनो में अत्यधिक भीड़ रही है।
विशेष कर प्रयागराज जाने वाली ट्रेनों में यात्री भूसे की तरह लद कर जा रहे हैं। रविवार को यात्रियों की भीड़ को देखते हुए वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त जेतिन बी राज स्वयं रेलवे स्टेशन पर पहुंचे और व्यवस्था का जायजा लिया। सोमवार को भी 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं की भीड़ पीडीडीयू जंक्शन पर जुटी।
आरपीएफ निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत, जीआरपी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह, स्टेशन अधीक्षक एसके सिंह, सीएसजी एनके मिश्र आरि की देख रेख में टीम जुटी हुई है। वरीय मडल सुरक्षा आयुक्त जेतिन बी राज ने कहा कि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए पूरा प्रयास किया जा रहा है। सुरक्षा के पूरे इंतजाम हैं।
कंट्रोल रूम से रखी जा रही है निगाह
पीडीडीयू नगर। पीडीडीयू जंक्शन पर यात्रियों के भीड़ पर निगाह रखने के लिए स्टेशन निदेशक के रूम को कंट्रोल रूम में तब्दील कर दिया गया है। यहां चौबीस घंटे के लिए मंडल स्तरीय एक अधिकारी की ड्यूटी लगाई है।
यहीं नहीं यहां सुरक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छता विभाग की टीम को तैनात किया गया है। इस संबंध में वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त जेतिन बी राज ने कहा कि स्टेशन पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
मुख्य गेट पर बनाया गया यात्री हेल्प डेस्क
पीडीडीयू नगर। महाकुंभ में पीडीडीयू जंक्शन पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए पीडीडीयू जंक्शन के मुख्य गेट पर ही यात्री सहायता केंद्र की स्थापना की गई है। यहां आरपीएफ, जीआरपी के अधिकारियों के साथ ही वाणिज्य विभाग के अधिकारियों की टीम लगाई गई है। यहां टीटीई यात्रियों को सही जानकारी दे रहे हैं। वहीं यहां कुंभ स्पेशल ट्रेनों की टाइमिंग बताई जा रही है।
पैरामिलिट्री फोर्स ने संभाली है पीडीडीयू जंक्शन पर सुरक्षा की कमान
महाकुंभ में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए पीडीडीयू जंक्शन पर सुरक्षा के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के लिए यहां तैनात आरपीएफ, जीआरपी के साथ ही अतिरिक्त में एक एसआई, 50 हेड कांस्टेबल, 60 होमगार्ड और एक प्लाटून पैरामिलिट्री फोर्स की तैनाती की गई है।
आरपीएसएफ की एक टूकड़ी यहां तैनात की गई है। यही नहीं रेलवे स्टेशन के फुटओवर ब्रिज पर बैरिकेडिंग लगाई गई है। वहीं स्टेशन का चप्पा चप्पा सीसीटीवी कैमरे के निगाह में है। वहीं स्काउट गाइड की टीम भी यात्रियों की सहायता में जुटी हैं।