सकलडीहा विकास खंड के सदलपुरा गांव में बने राजकीय पशु चिकित्सालय तक पहुंचना पशुपालकों के लिए मुश्किल है। इसका कारण है कि अस्पताल तक जाने के लिए पक्की सड़क ही नहीं बनाई गई। बारिश होते ही कच्चा रास्ता चलने लायक नहीं बचा है। इससे पशुपालकों के साथ अस्पताल में तैनात चिकित्सक और चिकित्साकर्मियों को भी परेशानी हो रही है। क्षेत्र के सदलपुरा, दयालपुर, चंदौली खुर्द, कोरी, बसनी, संघति, कुछमन, तारापुर, जीवनपुर सहित एक दर्जन गांव के पशुपालकों के पशुओं के इलाज के लिए सदलपुरा गांव में राजकीय पशु चिकित्सालय व कृत्रिम गर्भाधान केंद्र सदलपुरा का निर्माण किया गया। एक दशक पहले लाखों रुपये की लागत से अस्पताल का निर्माण तो करा दिया गया और इसे चालू भी कर दिया गया लेकिन लेकिन पशु अस्पताल पर जाने के लिए मार्ग का निर्माण नहीं हुआ। मुख्य मार्ग नहीं होने के कारण अस्पताल पर मौजूद कर्मचारियों के अलावा पशुपालकों को आवागमन करने के लिए पगडंडी का सहारा लेना पड़ता है। अस्पताल परिसर में लगा हैंडपंप भी वर्षो से खराब पड़ा हुआ है। क्षेत्र के रघुनाथ सिंह, मनोज कुमार, सारनाथ सिंह, केदार यादव, रामधनी यादव, रविशंकर यादव, उमाशंकर यादव, मंगरु यादव, जोगिंदर यादव, अमन तिवारी, अजय सिंह आदि ने ने बताया कि कई बार इसकी शिकायत की गई लेकिन सुनवाई नहीं हुई। चेतावनी दी कि यदि जल्द ही रास्ते का निर्माण नहीं कराया गया तो आंदोलन किया जाएगा।