ग्राम रोजगार सेवक संघ की बैठक में बकाया मानदेय भुगतान न होने पर सरकार की हठधर्मिता पर नाराजगी जताई गई। संघ के कैंप कार्यालय पर हुई बैठक में चेतावनी दी कि गई कि यदि जल्द ही मानदेय का भुगतान नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा।
संघ के जिलाध्यक्ष कन्हैयालाल ने कहा है कि लंबे समय से वेतन न मिलने के कारण ग्राम रोजगार सेवकों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, और त्योहारी सीजन में भी उनके सामने संकट की स्थिति बनी हुई है। अन्य वक्ताओं ने कहा कि सरकार की उदासीनता और अधिकारियों की ढिलाई के चलते शहाबगंज विकास खंड सहित पूरे जिले में ग्राम रोजगार सेवकों को समय से मानदेय नहीं मिल पा रहा है। कई कर्मचारी ऐसे हैं जिनके परिवार का भरण-पोषण पूरी तरह इसी मानदेय पर निर्भर है। होली जैसे प्रमुख त्योहार पर भी वेतन न मिलने से कर्मचारियों और उनके परिवारों में मायूसी है। कहा कि एक ओर सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण विकास और रोजगार सृजन की बात करती है, वहीं दूसरी ओर जमीनी स्तर पर कार्य कर रहे ग्राम रोजगार सेवकों को समय से भुगतान नहीं किया जा रहा है। इससे कर्मचारियों में आक्रोश बढ़ रहा है। संघ के लोगों ने चेतावनी दी गई है कि यदि शीघ्र ही बकाया मानदेय का भुगतान नहीं किया गया तो ग्राम रोजगार सेवक आंदोलन करेंगे। बैठक में मनोज गुप्ता, रविकांत पांडेय, संतोष कुमार पांडेय, भोलानाथ, संजीव वरनवाल, राम अवतार चौहान, मुकेश कुमार सिंह, विपिन आदि उपस्थित रहे।