Chandauli News: अचानक गिरा बालक, थम गई सांसें, मां के साथ ट्रेन का कर रहा था इंतजार; नहीं पता चल सका कारण
Chandauli News: चंदौली के मझवार रेलवे स्टेशन पर हुई इस घटना ने सबको चौंका दिया। बालक की मौत कैसे हुई चिकिस्तक भी नहीं बता पा रहे हैं। वहीं, कलेजे के टुकड़े की मौत की खबर सुनते ही उसकी मां बेसुध हो गई।
विस्तार
चंदौली के मझवार रेलवे स्टेशन पर ट्रेन पकड़ने के लिए मां के साथ बैठे एक 11 वर्षीय बालक की मंगलवार को अचानक मौत हो गयी। मां यकीन ही नहीं कर पा रही थी कि उसका थोड़ी देर पहले हंसता-खेलता बच्चा अब नहीं रहा। मां की संतुष्टि के लिए आनन-फानन में बच्चे को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने बालक को मृत घोषित कर दिया।
झारखंड के रहने वाले विजय की पत्नी मालती देवी चंदौली में मजदूरी का काम करती है। मालती छुट्टी लेकर अपने 11 वर्षीय बेटे के साथ अपने झारखंड स्थित घर जाने के लिए निकली। ट्रेन पकड़ने के लिए वह मझवार रेलवे स्टेशन पर पहुंची। मां-बेटा ट्रेन आने का इंतजार कर रहे थे।
अचानक ही बच्चा गिरा और बेहोश हो गया। लोगों ने देखा कि बालक की सांसें भी थम गई थीं। बालक को तुरंत जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने मौत की पुष्टि की। सूचना पर पहुंचे आरपीएफ के जवानों ने शव को कब्जे में लेकर उसे पीएम के लिए भिजवा दिया। डॉक्टरों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकता है। मां मालती का रो-रोकर हाल बेहाल था।