बच्चा बेचने का मामला: डॉ. जमील के अस्पतालों का लाइसेंस होगा निरस्त, पुलिस भेजेगी चिट्ठी; पड़ताल जारी
Chandauli News: वाराणसी एयरपोर्ट पर दो दिन पहले एक अजीबोगरीब वाकिया सामने आया था। यहां एक एक महिला चोरी किया हुआ बच्चा लेकर एक पुरुष के साथ अकासा एयरलाइंस के विमान से बंगलूरू जाने के लिए पहुंची थी। इस मामले में पुलिस ने महिला और पुरुष के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था।
विस्तार
वाराणसी के सूजाबाद, पड़ाव की रहने वाली निधि सिंह को 50 हजार रुपये में नवजात को बेचने के आरोपी निजी अस्पताल के संचालक डॉ. जमील खान की मुश्किलें आने वाले दिनों में बढ़ेंगी। डॉ. जमील के केबी हॉस्पिटल के नाम से दो अस्पताल रामनगर और चंदौली के दुलहीपुर क्षेत्र में हैं।
दोनों का लाइसेंस निरस्त करने के लिए वाराणसी और चंदौली के सीएमओ को पुलिस पत्र भेजेगी। इसके साथ ही पुलिस इसका पता भी लगा रही है कि बच्चे की मां कौन थी और पहले भी डॉ. जमील ने इस तरह की घटनाओं को अंजाम तो नहीं दिया था।
ये है पूरा मामला
बाबतपुर एयरपोर्ट पर गुरुवार की शाम बंगलूरू जाने के लिए अपनी देवरानी वंदना के भाई अशोक पटेल के साथ पहुंची निधि सिंह एक नवजात के साथ पकड़ी गई थी। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि अपनी नि:संतान देवरानी को देने के लिए बच्चे को वह डॉ. जमील खान से 50 हजार रुपये में खरीदी थी।
इसी आधार पर डॉ. जमील को गिरफ्तार किया गया। तीनों को शुक्रवार को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया। इस संबंध में डीसीपी गोमती जोन मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि फूलपुर थानाध्यक्ष को निर्देशित किया गया है कि वह इस मामले की तह तक जाएं।
साक्ष्य और तथ्य के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करें। प्रकरण में यदि किसी अन्य की संलिप्तता उजागर हो तो उसके खिलाफ भी प्रभावी तरीके से कार्रवाई करें।