Chandauli Rain: लगातार हो रही बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, गलियां बनी तालाब, सड़कों पर भरा पानी
Chandauli News: चंदौली जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक जलभराव हो गया है।
विस्तार
चंदौली जिले में बीते तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश ने आम जनजीवन को पूरी तरह से प्रभावित कर दिया है। बुधवार की सुबह से शुरू हुई झमाझम बारिश गुरुवार की दोपहर तक बिना थमे रुक-रुक कर जारी रही। बारिश के कारण शहर और ग्रामीण इलाकों में जलभराव की समस्या बनी हुई है।
सबसे अधिक परेशानी दुलहीपुर क्षेत्र में देखने को मिली, जहां गलियों से लेकर मुख्य सड़कों तक पानी ही पानी नजर आया। बारिश का पानी घरों के बाहर ही नहीं, बल्कि कई जगहों पर लोगों के घरों में भी घुस गया। सड़कों पर करीब एक से डेढ़ फुट तक पानी भर गया, जिससे वाहनों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई।
दोपहिया वाहनों के फिसलने की कई घटनाएं सामने आईं, गड्ढों और जलभराव के कारण पैदल चलना तक दूभर हो गया। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नगर पंचायत व संबंधित विभागों द्वारा नालियों की समय से सफाई न कराए जाने के कारण बारिश का पानी निकल नहीं पाया और चारों ओर फैल गया। जलनिकासी की कोई व्यवस्था न होने के कारण बारिश का पानी सड़कों और गलियों में जम गया है। जिससे संक्रमण फैलने की भी आशंका जताई जा रही है।
जलभराव से खासतौर पर बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्कूल जाने वाले बच्चे कीचड़ और पानी से भरी गलियों से होकर निकलने को मजबूर हैं, जबकि दुकानदारों की बिक्री भी प्रभावित हो रही है। दुलहीपुर के व्यापारी अरुण गुप्ता ने बताया कि “बारिश से ग्राहक आ नहीं पा रहे हैं और दुकान के सामने भरे पानी की वजह से व्यापार चौपट हो गया है।
इसे भी पढ़ें; बलिया में तड़तड़ाई गोलियां: पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, पैर में गोली लगने से हुआ घायल
स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन से शीघ्र जलनिकासी और साफ-सफाई की व्यवस्था कराने की मांग की है। लोगों ने चेताया कि यदि जल्द कदम नहीं उठाए गए, तो स्थिति और भी भयावह हो सकती है, जिससे जलजनित बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ जाएगा। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों तक तेज बारिश की चेतावनी जारी की है। इससे स्थिति और बिगड़ सकती है। जिला आपदा प्रबंधन विभाग को सतर्क कर दिया गया है।