कंदवा। चारी गांव में शनिवार की रात द्वारपूजा के दौरान बरातियों ने युवतियो पर फब्तियां कसनी शुरू कर दीं। इस बाद पर विवाद शुरू हो गया और मारपीट की नौबत आ गई। तीन बाराती घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उनको बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
चारी गांव के एक लड़की की बरात बिहार से आई थी। द्वारपूजा के समय कुछ युवक लड़कियों पर फब्तियां कसने लगे। घरातियों ने टोका तो कहासुनी पर उतारू हो गए। उसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। मगर बुजुर्गों के हस्तक्षेप से मामला शांत हो गया। भोर में करीब तीन बजे कुछ बराती गली में खड़े होकर बात कर रहे थे। इसी बीच दूसरे पक्ष के लोग आ गए मारपीट शुरू हो गई। बरात पक्ष के मुनीब (18), रोशन (19) और रविकुमार (18) घायल हो गए। पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायलों को जिला अस्पताल ले गई। हालत गंभीर देखकर चिकित्सकों ने उनको ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। इलाज के बाद रविवार को सुबह 10 बजे मुनीब व रोशन को भी छुट्टी दे दी गई। इस मामले में लड़की के पिता ओमप्रकाश मौर्या ने गांव के सुदर्शन यादव, शुभम यादव, शिवम यादव और सिंटू यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। प्रभारी निरीक्षक विनोद मिश्रा ने बताया है कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। चंदौली बार एसोसिएशन के अध्यक्ष व फौजदारी के नामी अधिवक्ता चंद्रभानु सिंह का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किए बिना ही गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करना उचित नहीं है।