पीडीडीयू नगर। चंदौली जिले में लगातार जारी भीषण ठंड और शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग ने बताया कि जिले के सभी बोर्ड आईसीएसई, सीबीएसई, यूपी बोर्ड सहित अन्य सभी बोर्डों से संचालित कक्षा 12वीं तक के विद्यालय 5 जनवरी तक बंद रहेंगे। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। अब सभी स्कूल 6 जनवरी से पुनः संचालित होंगे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय छात्रों को शीतलहर और अत्यधिक ठंड से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से लिया गया है। बीते कुछ दिनों से जिले में तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे सुबह-शाम गलन बढ़ गई है और छोटे बच्चों के बीमार पड़ने की आशंका बनी हुई है। हालांकि, छात्रों के लिए अवकाश घोषित किया गया है, लेकिन प्रशासनिक कार्यों को लेकर कुछ विशेष निर्देश भी जारी किए गए हैं। जिलाधिकारी ने कहा है कि संबंधित अधिकारी और कर्मचारी विभागीय व्हाट्सएप ग्रुप पर समय-समय पर जारी किए जाने वाले निर्देशों का पालन करेंगे और आवश्यकतानुसार कार्य करेंगे। इसके साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि जिन शिक्षकों की ड्यूटी बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) के रूप में लगी हुई है, उन्हें इस अवकाश का लाभ नहीं मिलेगा। ऐसे शिक्षक अपने निर्धारित दायित्वों का निर्वहन पूर्ववत करते रहेंगे और अपने कार्यक्षेत्र में उपस्थित रहना अनिवार्य होगा।