पीडीडीयू नगर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर शनिवार को यात्री सुविधाओं और विकास कार्यों की हकीकत जानने के लिए पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक एलसी त्रिवेदी ने औचक निरीक्षण किया। उन्होंने प्लेटफार्म, सर्कुलेटिंग एरिया और चालक/गार्ड रनिंग रूम का जायजा लिया। इस दौरान रनिंग रूम में साफ-सफाई नहीं होने, बाथरूम में गीजर नहीं होने, शिकायत पुस्तिका उपलब्ध न होने और कर्मचारियों की समस्याओं की अनदेखी करने की शिकायत पर उन्होंने लोको निरीक्षक को निलंबित कर दिया। इस कार्रवाई से रेलकर्मियों और अधिकारियों में हड़कंप मच गया। इसके बाद में जीएम ने डीआरएम कार्यालय परिसर में बने पार्क का उद्घाटन किया। साथ ही अधिकारियों संग बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा की। हावड़ा-अमृतसर एक्सप्रेस से पीडीडीयू जंक्शन पहुंचे महाप्रबंधक ने सुबह दस बजे स्टेशन का निरीक्षण किया। सबसे पहले उन्होंने सर्कुलेटिंग एरिया में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया और परिसर में लगे सौ फीट ऊंचे तिरंगे का अवलोकन किया। इसके बाद प्लेटफार्म संख्या एक और दो का जायजा लेने के बाद रनिंग रूम पहुंचे। यहां शिकायत पुस्तिका उपलब्ध न होने पर उन्होंने नाराजगी जताई। साथ ही प्रवेश द्वार पर लगी रेलिंग को हटाने का निर्देश दिया। इसके बाद नार्दर्न रेलवे के रनिंग रूम पहुंचे। यहां सुल्तानपुर के चालक सद्दाम, जय सिंह, मुमताज अहमद, प्रदीप पटेल आदि ने बाथरूम में साफ-सफाई न होने की शिकायत की। बताया कि शिकायत करने के बाद भी सुनवाई नहीं होती है। इस पर जीएम ने सीनियर डीईई से नाराजगी जताई और लोको निरीक्षक को तलब किया। लोको निरीक्षक के सामने न आने पर जीएम ने तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का निर्देश दिया। इसके बाद उन्होंने डीआरएम आफिस में पार्क का उद्घाटन किया। फिर मंडल सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान डीआरएम पंकज सक्सेना, एडीआरएम सुनील कुमार वर्मा, सीनियर डीसीएम रूपेश कुमार, वरीय मंडल अभियंता (समन्वय) अतुल कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वीके दूबे, वरीय मंडल संकेत एवं दूरसंचार अभियंता बीके यादव, वरीय मंडल विद्युत अभियंता (टीआरडी) ओपी सिंह यादव, वरीय मंडल विद्युत अभियंता (सामान्य) एसपीएस यादव, वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त आशीष मिश्रा, वरीय मंडल परिचालन प्रबंधक राकेश रौशन, वरीय मंडल यांत्रिक अभियंता (समाडि) श्रवण कुमार आदि रहे।